बिजनौर के नहटोर से भाजपा विधायक ओम कुमार का निर्वाचन इलाहाबाद HC ने रद किया, कोर्ट ने दी अंतिरिम राहत
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने बिजनौर के नहटोर सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक ओम कुमार का निर्वाचन रद कर दिया है। कोर्ट ने उन्हें 15 दिन की अंतरिम राहत दी है।

इलाहाबाद हाई कोर्ट।
HighLights
15 दिन तक बहस में भाग ले सकेंगे, वोट नहीं डाल सकेंगे न मिलेगा वेतन-भत्ता
नहटोर सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से ओम कुमार के निर्वाचन को चुनौती दी गई थी
विधि संवाददाता, जागरण, प्रयागराज। एक महत्वपूर्ण निर्णय में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने बिजनौर के नहटोर (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक ओम कुमार का निर्वाचन रद कर दिया है। हालांकि कोर्ट ने उन्हें 15 दिन की अंतरिम राहत देते हुए कहा है कि इस दौरान वे विधानसभा की बहस में भाग ले सकेंगे, लेकिन सदन या किसी समिति में वोट नहीं डाल सकेंगे और उन्हें विधायक के रूप में कोई आर्थिक लाभ भी नहीं मिलेगा।
चुनाव याचिका रालोद प्रत्याशी की ओर से दाखिल की गई
न्यायमूर्ति सलिल कुमार राय की एकलपीठ ने यह आदेश दिया है। यह चुनाव याचिका रालोद प्रत्याशी मुंशी राम की ओर से दाखिल की गई थी। इसमें नहटोर सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से ओम कुमार के निर्वाचन को चुनौती दी गई थी। याचिका में निर्वाचन रद करने और याची को निर्वाचित घोषित करने की मांग थी। कोर्ट ने गुरुवार को पहले चुनाव याचिका आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए ओम कुमार का निर्वाचन रद कर दिया।
याची के वकील ने इस मांग का विरोध किया
कोर्ट ने कहा कि उनका नामांकन जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 36(2) के तहत अस्वीकार किए जाने योग्य था, इसलिए वे चुनाव लड़ने के हकदार नहीं थे। हालांकि याची को निर्वाचित घोषित करने की मांग को कोर्ट ने नहीं माना। निर्णय सुनाए जाने के बाद ओम कुमार की ओर से धारा 116बी के तहत आदेश के क्रियान्वयन पर रोक लगाने की अर्जी दी गई। उनके वकील का कहना था कि अगर रोक नहीं लगी तो क्षेत्र के मतदाता बिना प्रतिनिधित्व रह जाएंगे। वे इस आदेश को धारा 116ए के तहत सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देना चाहते हैं। याची के वकील ने इस मांग का विरोध किया।
विधायक के रूप में आर्थिक लाभ नहीं मिलेगा
कोर्ट ने कहा, याची को निर्वाचित घोषित करने की राहत नहीं दी गई है, इसलिए विधानसभा सत्रों में क्षेत्र के मतदाता बिना प्रतिनिधित्व के रह जाएंगे। न्याय के हित में अंतरिम संरक्षण देना उचित होगा। कोर्ट ने निर्देश दिया कि आज से 15 दिन तक ओम कुमार अपने क्षेत्र के मतदाताओं का प्रतिनिधित्व कर सकेंगे और इस दौरान विधानसभा में होने वाली बहस में भाग ले सकेंगे, लेकिन वे सदन के पटल पर या किसी समिति में वोट नहीं डाल सकेंगे। उन्हें विधायक के रूप में कोई आर्थिक लाभ भी नहीं मिलेगा। कोर्ट ने रजिस्ट्रार जनरल को आदेश की प्रति तत्काल भारत निर्वाचन आयोग और उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष को भेजने का निर्देश दिया। ऐसा जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 116बी (3) में अपेक्षित है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।