'आरोप सिद्ध होने पर ही छीने जा सकते हैं प्रशासकीय अधिकार'; इलाहाबाद हाई कोर्ट की महत्वपूर्ण टिप्पणी
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने आजमगढ़ के पूर्व ग्राम प्रधान नीरज गोंड के प्रशासकीय अधिकार बहाल करने का निर्देश दिया है।

HighLights
हाई कोर्ट ने नीरज गोंड के अधिकार बहाल किए।
प्रशासकीय अधिकार सिद्ध आरोपों पर ही छीने जा सकते हैं।
प्रारंभिक जांच के आधार पर हटाना टिकाऊ नहीं।
विधि संवाददाता, प्रयागराज। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने आजमगढ़ के पूर्व ग्राम प्रधान नीरज गोंड की याचिका पर सुनवाई करते हुए उनके प्रशासकीय अधिकार बहाल करने का निर्देश दिया है।
न्यायमूर्ति सौरभ श्याम शमशेरी की एकलपीठ ने यह आदेश पारित किया है। कोर्ट के अनुसार प्रशासकीय अधिकार तभी छीने जा सकते हैं, जब आरोप सिद्ध हों। केवल प्रारंभिक जांच के आधार पर आदेश का यह हिस्सा टिकाऊ नहीं है।
उप्र पंचायत राज (प्रधान, उप-प्रधान एवं सदस्यों का हटाया जाना) जांच नियमावली, 1997 के तहत कार्यकाल के दौरान कथित अनियमितताओं की जांच में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर नीरज को प्रशासक पद से हटा दिया गया था।
इस आदेश को हाई कोर्ट में चुनौती दी गई। दोनों पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने कहा कि धारा 27 और नियम 256(1) के तहत सरचार्ज निर्धारण की कार्यवाही अभी शुरू होनी है। याची को उसमें अपना पक्ष रखने का अवसर मिलेगा। याची को 25 और 29 मई 2026 के शासनादेशों के अनुसार प्रशासकीय कार्य जारी रखने का निर्देश दिया गया।