All India Bar Exam : बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने AIBE के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए, 29 नवंबर को प्रयागराज में होगी परीक्षा
All India Bar Exam बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने 29 नवंबर को प्रयागराज में होने वाली ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE) के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। न्यायमूर्ति हेमा कोहली की समिति की निगरानी में परीक्षा होगी।

All India Bar Exam AIBE 29 नवंबर को प्रयागराज में होगी।
HighLights
केंद्रीय नियंत्रण कक्ष से ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन की निगरानी होगी
न्यायमूर्ति हेमा कोहली की अध्यक्षता वाली समिति ने जारी किए सख्त निर्देश
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। All India Bar Exam ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (एआईबीई) 29 नवंबर को प्रयागराज के विभिन्न केंद्रों पर होने जा रही है। इसे निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। कुछ केंद्रों पर अनियमितता की आशंका को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति हेमा कोहली की अध्यक्षता वाली निगरानी समिति ने परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी को व्यापक दिशा-निर्देश दिए हैं।
परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
कमेटी ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय के डीन, फैकल्टी ऑफ लॉ की निगरानी में केंद्रीय नियंत्रण कक्ष स्थापित करने का निर्देश दिया है। इस नियंत्रण कक्ष के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी कैमरों के जरिए रियल टाइम निगरानी की जाएगी। प्रयागराज के सभी परीक्षा केंद्रों पर स्वतंत्र पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। ये पर्यवेक्षक परीक्षा समाप्त होने के बाद अपनी रिपोर्ट के साथ परीक्षा की सीसीटीवी रिकार्डिंग मानिटरिंग कमेटी को सौपेंगे।
अनियमितता या गड़बड़ी पर निरस्त होगी परीक्षा
निगरानी समिति सीसीटीवी फुटेज और पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट की समीक्षा करेगी। यदि किसी केंद्र पर अनियमितता या गड़बड़ी की पुष्टि होती है, तो परीक्षा रद करने के संबंध में निर्णय लेने का अधिकार समिति के पास रहेगा। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने प्रयागराज के पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर सभी केंद्रों पर समुचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
सीबीआई व उप्र डीजीपी से केंद्रों की निगरानी का अनुराेध
All India Bar Exam इसके साथ ही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) और उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) को भी पत्र भेजकर परीक्षा केंद्रों तथा केंद्र प्रभारियों पर निगरानी का अनुरोध किया गया है। बार काउंसिल बाफ इंडिया के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए सभी कदम उठाए जा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।