हड़ताल खत्म होते ही प्रयागराज में नौ लेखपाल निलंबित, 52 हजार आवेदन लंबित
प्रयागराज में लेखपालों की हड़ताल समाप्त होने के बाद सोरांव तहसील के नौ लेखपाल निलंबित किए गए हैं, जिन पर ...और पढ़ें

जनपद में हड़ताल के चलते आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र के 52 हजार हजार आवेदन लंबित। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
प्रयागराज में हड़ताल के बाद नौ लेखपाल निलंबित किए गए।
लापरवाही के आरोप में सोरांव तहसील के लेखपालों पर कार्रवाई।
जिले में 52 हजार प्रमाण पत्र आवेदन लंबित पड़े हैं।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। प्रमुख मांगें मान लिए जाने के बाद लेखपालों की हड़ताल भले ही शनिवार को समाप्त हो गई मगर सोरांव तहसील के नौ लेखपालों को निलंबित कर दिया गया। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी बैठा दी गई है। वहीं, हड़ताल के चलते जिले में आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र के लगभग 52 हजार आवेदन लंबित हैं। अब इन आवेदनों के शीघ्र निस्तारण की चुनौती होगी।
सोरांव तहसील के जिन नौ लेखपालों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है, उन पर भले ही लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया है मगर लेखपाल संघ ने इसे हड़ताल से जोड़ दिया है। एसडीएम भारती मीणा ने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों की फसल क्षति का स्थलीय निरीक्षण कर राहत पोर्टल पर समयबद्ध डेटा फीड करने की जिम्मेदारी लेखपालों को सौंपी थी।
समय से विवरण अपलोड न होने के कारण पात्र किसान मुआवजा राशि पाने से वंचित रह गए। इस गंभीर शिथिलता पर कड़ी नाराजगी जताते हुए एसडीएम ने आठ लेखपालों राजेंद्र कुमार, विनय कुमार पटेल, जितेंद्र कुमार पटेल, अनिल कुमार पटेल, इंद्रजीत बहादुर पटेल, वीरेंद्र कुमार सिंह, जूही मिश्रा, अखिलेश कुमार यादव को निलंबित कर दिया।
इसके अलावा, महत्वाकांक्षी स्वामित्व योजना के तहत ग्राम गोहरी की मैपशीट निर्धारित समय-सीमा आठ अक्टूबर तक जमा न करने पर लेखपाल योगेंद्र प्रताप सिंह को निलंबित किया गया है। मैपशीट जमा न होने के कारण गांव का अंतिम नक्शा समय पर तैयार नहीं हो सका। एसडीएम सोरांव ने दोनों मामलों की विभागीय जांच के लिए नायब तहसीलदार मध्यवर्ती को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।
यह भी पढ़ें- रेलवे कर्मचारियों को मिलने वाला है 41,149 रुपए का बोनस? देखें क्या है सोशल मीडिया पर वायरल लेटर की सच्चाई
जांच अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट दें। वहीं, हड़ताल के चलते जिले में लगभग 52 हजार आय, जाति व निवास प्रमाण पत्र के आवेदनों को शीघ्र निस्तारित करने के लिए मुख्य राजस्व अधिकारी लालता प्रसाद ने निर्देश जारी किए हैं।
सोरांव के तहसीलदार लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष अवनीश पांडेय का कहना है कि प्रदेश स्तर पर हुई वार्ता के बाद शासन से मांगे मान ली गई हैं, जिनमें भत्ता के साथ ही अंतर मंडलीय तबादला प्रमुखता से शामिल है। इसके अलावा प्रदेश भर में लगभग 500 लेखपालों की पदोन्नति होने जा रही है, जिनमें आठ लेखपाल प्रयागराज के शामिल हैं।
जिलाध्यक्ष ने सोरांव में हुई कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि समझौते में कोई भी कार्रवाई नहीं करने को स्पष्ट कहा गया है। यह कार्रवाई वापस नहीं हुई तो मंगलवार से लेखपाल फिर हड़ताल पर चले जाएंगे।
यह भी पढ़ें- इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: विकास प्राधिकरण नहीं वसूल सकते इम्पैक्ट फीस और ओपन एरिया पेनाल्टी
