दूल्हा बनने से पहले 50 हजार का इनामी गिरफ्तार 10 साल से फरार अभियुक्त को एसटीएफ प्रयागराज ने गुरुग्राम में दबोचा
प्रयागराज एसटीएफ ने 50 हजार के इनामी शेखर सिंह को हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। वह 10 साल ...और पढ़ें

एसटीएफ की गिरफ्त में इनामी अभियुक्त शेखर। साभार: एसटीएफ
HighLights
धोखाधड़ी के मुकदमे में प्रयागराज के झूंसी थाने से वांछित था शेखर सिंह
स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की प्रयागराज टीम ने अभियुक्त को दबोचा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। पिछले 10 साल से चल रहा था फरार, दूल्हा बनने से पहले 50 हजार का इनामी गिरफ्तार। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की प्रयागराज टीम ने हरियाणा में छिपे वांछित अभियुक्त शेखर सिंह को दबोच लिया है। वह झूंसी थाने में दर्ज धोखाधड़ी के मुकदमे में फरार चल रहा था।
बलिया के बांसडीह रोड इलाके का है निवासी
आरोपित शेखर सिंह मूलरूप से बलिया जिले के बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के दवनी गांव का निवासी है। वह एक दशक पहले झूंसी के वसंत विहार कालाेनी में रहता था। पूछताछ में पता चला है कि 21 नवंबर 2026 को शेखर की बरात वाराणसी जानी थी। वहां की एक लड़की से शादी तय थी। 23 नवंबर को झूंसी के एक गेस्ट हाउस से प्रीतिभोज होना था। हालांकि इससे पहले ही वह एसटीएफ की गिरफ्त में आ गया।
वर्ष 2016 में झूंसी थाने में दर्ज हुआ था केस
एसटीएफ इंस्पेक्टर जय प्रकाश राय का कहना है कि वांछित और पुरस्कार घोषित अपराधियों की जानकारी जुटाई जा रही थी। इसी दौरान पता चला कि वर्ष 2016 में झूंसी थाने में दर्ज हुए मुकदमे में वांछित अभियुक्त शेखर सिंह इन दिनों हरियाणा के गुरुग्राम में छिपा हुआ है।
गुरुग्राम से हुई गिरफ्तारी
उन्होंने दारोगा धर्मेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार, अमित शर्मा, सुनील, पंकज तिवारी, रविकां की टीम को हरियाणा भेजा। टीम ने गुरुग्राम के सुखरैली स्थित सत्यम पीजी हास्टल में घेरेबंदी करके शेखर सिंह को दबोच लिया। उसके पास से मोबाइल और आधार कार्ड बरामद हुआ।
शेखर ने चचेरे भाई के खाते से निकाला था पैसा
एसटीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि राजस्थान में रहने वाले शेखर के चचेरे भाई उमेश कुमार सिंह ने संसफ्रूट कंफोर्ट सिस्टम हाई कोर्ट रोड अहमदाबाद स्थित शेयर मार्केट से दो हजार शेयर लिया था। आरोप है कि शेखर ने फर्जी आईडी प्रूफ बैंक में लगाकर उमेश के खाते से पैसा निकाल लिया था। उमेश ने मुकदमा दर्ज कराया था।
गिरफ्तारी से बचता रहा
एफआईआर के बाद शेखर भाग निकला और नोएडा समेत अन्य शहरों में जाकर नौकरी करने लगा। गिरफ्तारी न होने पर पुलिस की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मौजूदा समय में शेखर गुरुग्राम स्थित यूके स्टडी इन कंपनी में नौकरी कर रहा था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।