पांच बीघा में बनेगा 100 बेड का महिला अस्पताल, प्रयागराज और कौशांबी के लोगों को इलाज की बेहतर सुविधा मिलेगी
प्रयागराज के बमरौली उपरहार में पांच बीघा जमीन पर 100 बेड का महिला अस्पताल बनाने की तैयारी है। इससे पश्चिमी प्रयागराज और कौशांबी की महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

प्रयागराज में महिला अस्पताल बनेगा। जागरण आर्काइव
HighLights
महिला अस्पताल का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने की तैयारी
शासन से मंजूरी मिलने पर निर्माण की दिशा में प्रक्रिया शुरू होगी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर के पश्चिमी क्षेत्र और आसपास के ग्रामीण इलाकों की महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बमरौली उपरहार में महिला अस्पताल बनाने की तैयारी है। इसके लिए पांच बीघा से अधिक जमीन चिह्नित कर करीब 100 बेड का अस्पताल बनाने की योजना तैयार की जा रही है।
शासन से मंजूरी पर आगे की शुरू होगी प्रक्रिया
सब कुछ सही रहा तो अगले वित्तीय वर्ष में नगर निगम की ओर से इस संबंध में कार्ययोजना बनाकर शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। शासन से मंजूरी मिलने के बाद निर्माण की दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
प्रयागराज में अभी एक ही महिला अस्पताल डफरिन है
नया महिला अस्पताल बनने से प्रयागराज के साथ कौशांबी के लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में खुल्दाबाद के पास जिला महिला अस्पताल (डफरिन) संचालित है। ऐसे में शहर के पश्चिमी हिस्से और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को उपचार के लिए लंबी दूरी तय कर वहां पहुंचना पड़ता है।
बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेगी
बमरौली में अस्पताल बनने से गर्भवती महिलाओं, प्रसूताओं और अन्य महिला मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेगी। क्षेत्रीय पार्षद के मुताबिक बमरौली उपरहार में महिला अस्पताल की स्थापना होने से बड़ी आबादी को लाभ मिलेगा। लंबे समय से इस क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की जरूरत महसूस की जा रही है।
नगर निगम के मुख्य अभियंता बोले ...
नगर निगम के मुख्य अभियंता डीसी सचान का कहना है कि अस्पताल निर्माण के लिए कार्ययोजना तैयार कर शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। वहां से स्वीकृति मिलने के बाद बजट और निर्माण सहित अन्य जरूरी प्रक्रिया पूरी की जाएंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।