प्रयागराज: मेडिकल कॉलेज व हनुमान मंदिर चौराहे पर फ्लाईओवर निर्माण की मुख्यमंत्री से मिली मंजूरी, जाम से मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में मेडिकल कॉलेज और हनुमान मंदिर चौराहे पर दो फ्लाईओवर निर्माण को मंजूरी दे दी ...और पढ़ें

प्रयागराज में दो फ्लाईओवर निर्माण की मुख्यमंत्री से मंजूरी मिल गई है।
HighLights
दोनों फ्लाईओवर के निर्माण पर 275 करोड़ रुपये की धनराशि होगी खर्च
एक अक्टूबर को व्यय वित्त समिति से दोनों फ्लाईओवर की मिली थी मंजूरी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए मेडिकल कॉलेज चौराहा और सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर (बस अड्डा चौराहा) के पास फ्लाईओवर निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंजूरी दे दी है। एक अक्टूबर को व्यय वित्तीय समिति की बैठक में दोनों फ्लाईओवर बनाने की मंजूरी मिली थी।
करीब एक पखवाड़े में बजट जारी हो जाएगा
मुख्यमंत्री से मंजूरी मिलने के बाद जल्द ही फ्लाइओवर बनाने के लिए धनराशि आवंटित हो सकती है। उम्मीद है कि 10 से 15 दिनों के भीतर दोनों फ्लाईओवर के निर्माण के लिए बजट भी जारी हो जाएगा। इससे शहर के प्रमुख मार्गों पर आवागमन आसान बनाने में मदद मिलेगी।
135 करोड़ रुपये होंगे खर्च
मेडिकल कॉलेज चौराहे पर प्रस्तावित फ्लाईओवर के निर्माण पर करीब 135 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सिविल लाइंस में हनुमान मंदिर और बस अड्डा चौराहा के पास बनने वाले फ्लाईओवर की लागत लगभग 140 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इस प्रकार दोनों परियोजनाओं पर कुल 275 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
दोनों फ्लाईओवर की लंबाई 1000 से 1200 मी. होगी
दोनों फ्लाईओवर की लंबाई लगभग 1000 से 1200 मीटर तक होगी। सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक रोहित मिश्रा ने बताया कि दोनों फ्लाईओवर के संबंध में लखनऊ में व्यय वित्त समिति की में मंजूरी मिल चुकी है। अब शासन से बजट जारी होने का इंतजार है। बजट मिलते ही निर्माण से जुड़ी आगे की प्रक्रिया को गति दी जाएगी।
जाम से मिलेगी राहत
मेडिकल कॉलेज चौराहा और सिविल लाइंस का हनुमान मंदिर व बस अड्डा चौराहा शहर के प्रमुख यातायात केंद्रों में शामिल हैं। इन मार्गों पर वाहनों का दबाव रहने से अक्सर जाम की स्थिति बनती है। फ्लाईओवर बनने से यातायात को सुचारु करने में मदद मिलने की उम्मीद है। खासकर प्रमुख मार्गों से गुजरने वाले वाहन चालकों को राहत मिल सकती है। बजट जारी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करने की दिशा में अगला कदम उठाया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।