Pratapgarh Weather News: प्रतापगढ़ में तीन दिन से बदला मौसम, उमस से बढ़ी बेचैनी; बारिश का इंतजार
प्रतापगढ़ में पिछले कुछ दिनों से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। रविवार को बारिश के बाद तापमान में गिरावट तो आई है पर उमस बरकरार है। बुधवार को बादल छाए रहे जिससे उमस और बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

संवाद सूत्र, जागरण, प्रतापगढ़। तीन दिन से हवाओं के रुख में बदलाव होने के चलते मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। रविवार को हुई बरसात के बाद तापमान में गिरावट ताे आई, लेकिन उमस ने लोगों की बेचैनी बढ़ा दी है। बुधवार को आसमान में बादलों का डेरा होने के बावजूद धूप का असर बना रहा।
इससे लोगों को उमसभरी गर्मी ने परेशान किया। पसीने से तरबतर लोग कूलर और एसी का सहारा लेते नजर आए। वहीं, मौसम विभाग का अनुमान है कि दो दिनों में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है।
जिले में करीब एक सप्ताह से मौसम के तेवर तल्ख रहे। तापमान का पारा 42 डिग्री के आसपास पहुंच गया था। रविवार को बारिश के बाद से तापमान में गिरावट आई, लेकिन उमस बरकरार रही। बुधवार को सुबह से बादल छाए रहे। दोपहर में निकली धूप से उमस बढ़ गई। शाम को फिर बादलों की आवाजाही शुरू हो गई।
सनई अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान प्रेक्षक देशराज मीना ने बताया कि बादलों की चहलकदमी से बारिश होने के आसार हैं। बुधवार को अधिकतम तापमान 36.5 से घटकर 35.5 डिग्री हो गया। वहीं न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री से घटकर 27 डिग्री सेल्सियस रहा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।