विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी कांग्रेस में मोना की नई टीम तैयार, नवरात्र से पहले जारी होगी जिला-शहर अध्यक्षों की सूची

Published: Wed, 07 Oct 2026 05:00 PM (IST)

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में आराधना मिश्रा 'मोना' के अध्यक्ष बनने के बाद जिला व शहर की नई टीम तैयार ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. आराधना मिश्रा 'मोना' के नेतृत्व में यूपी कांग्रेस की नई टीम।

  2. पर्यवेक्षकों ने जिला-शहर पदाधिकारियों की सूची संगठन को सौंपी।

  3. नवरात्र से पहले सूची जारी होने की संभावना, चुनाव की तैयारी।

गुरुदीप त्रिपाठी, प्रतापगढ़। रामपुर खास विधानसभा सीट से विधायक आराधना मिश्रा 'मोना' को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कमान सौंपने के बाद अब जिला व शहर की टीम भी तैयार कर दी गई है। पर्यवेक्षकों ने गहन मंथन के बाद नए पदाधिकारियों की सूची राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल को सौंप दी है।

नए पदाधिकारियों की सूची कभी भी जारी हो सकती है। फिलहाल, आसार जताए जा रहे हैं कि यह सूची नवरात्र से पहले जारी हो सकती है। खास बात यह है कि इसमें संगठन ने ब्राह्मणों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को साधने का प्रयास किया है।

कुल 134 जिला और शहर अध्यक्ष

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में कुल 134 जिला और शहर अध्यक्ष हैं। यह लंबे समय से कुर्सी पर काबिज हैं। जिला-शहर अध्यक्षों के नए सिरे से चयन के लिए कांग्रेस ने पहली बार 12 अगस्त को उत्तर प्रदेश में संगठन सृजन अभियान चलाया। इसके तहत पदाधिकारी बनने के लिए दावा करने वालों से आवेदन मांगे गए।

इसके बाद जिलेवार बनाए गए समन्वयकों ने बैठक कर आवेदकों के बारे में जानकारी जुटाई। तीन सितंबर को यह सूची जारी की जानी थी। हालांकि, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और यूपी प्रभारी राजेंद्रपाल गौतम के बीच आपसी खींचतान की वजह से सूची जारी नहीं हो सकी। इसी बीच संगठन ने आराधना मिश्रा 'मोना' को प्रदेश अध्यक्ष बना दिया। अब सबकुछ तय हो गया है।

नई टीम में महिलाओं को खास सम्मान

पर्यवेक्षकों ने स्क्रीनिंग के बाद नए जिला-शहर पदाधिकारियों की सूची संगठन को सौंप दी। अब राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की अंतिम मुहर के बाद नए अध्यक्षों की घोषणा कर दी जाएगी। नई टीम में महिलाओं को खास सम्मान दिए जाने की तैयारी है। इसके अलावा संगठन के मुख्य केंद्र बिंदु में ब्राह्मण, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक हैं। प्रतापगढ़ की बात करें तो कांग्रेस के एक वयोवृद्ध नेता के बेटे को जिले की कमान मिल सकती है।

संगठन सृजन अभियान के तहत पर्यवेक्षकों ने जिला कांग्रेस कमेटी की सूची तैयार कर ली है। विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए यह सूची तैयार की गई है। नवरात्र से पहले सभी जिला और शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की सूची जारी कर दी जाएगी। इसी के साथ पूरी टीम निष्ठा के साथ चुनाव में जुट जाएगी।

-आराधना मिश्रा 'मोना', अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी।

यह भी पढ़ें- राहुल, प्रियंका व खरगे से मोना ने की मुलाकात, नवरात्र में संभालेंगी प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी

यह भी पढ़ें- यूपी कांग्रेस की कमान संभालते ही आराधना मिश्रा ‘मोना’ की दो टूक, बताया कब फाइनल होगा सपा से सीट शेयरिंग का फॉर्मूला