शिक्षक अनिल की कहानी स्टूडेंटनामा राज्य पुरस्कार में चयनित
हिंदुस्तानी एकेडमी प्रयागराज द्वारा युवा लेखन सम्मान-2022 के लिए चयनित किया गया है। ...और पढ़ें

शिक्षक अनिल की कहानी स्टूडेंटनामा राज्य पुरस्कार में चयनित
संसू, प्रतापगढ़ : भगवान श्रीराम की तपोस्थली धर्मनगरी चित्रकूट के खुटहा गांव में जन्मे और वर्तमान में राजकीय हाईस्कूल सराय आनादेव प्रतापगढ़ में प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत अनिल कुमार निलय द्वारा रचित बाल कहानी संग्रह स्टूडेंटनामा को हिंदुस्तानी एकेडमी प्रयागराज द्वारा युवा लेखन सम्मान-2022 के लिए चयनित किया गया है। एकेडमी द्वारा दिए जाने वाले इस राज्य स्तरीय पुरस्कार के अंतर्गत 11 हजार रुपये की धनराशि एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाता है।
स्टूडेंटनामा 20 विशुद्ध सकारात्मक एवं बाल केंद्रित कहानियों का संग्रह है। सभी कहानियां एवं किरदार विद्यालय एवं विद्यार्थियों के इर्द-गिर्द घूमते नजर आते हैं। कहानियों में नैतिकता एवं मूल्यबोध को सर्वोपरि रखा गया है। प्रत्येक विद्यार्थी में इन्हें आत्मसात करने की आवश्यकता एवं प्रभाव को प्रदर्शित करने का प्रयत्न किया गया है। कहानी संग्रह के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण,ऊर्जा संरक्षण जैसे आम जनमानस के अनेक ज्वलंत मुद्दों के समाधान का हिस्सा बनने का पथ प्रशस्त करने का प्रयास भी प्रतिबिंबित होता है। भाषा एवं शैली बेहद सरल एवं बोधगम्य है। अनिल कुमार निलय का यह दूसरा कहानी संग्रह है। इससे पूर्व उनके पहले कहानी संग्रह लाकडाउन पाजिटिव को भी हिंदुस्तानी एकेडमी प्रयागराज द्वारा युवा लेखन सम्मान-21 में चयनित किया जा चुका है। लाकडाउन पाजिटिव भी सकारात्मक एवं बाल केंद्रित 19 कहानियों का संग्रह है। अनिल कुमार निलय की उपलब्धि पर जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदा नंद, सह जिला विद्यालय निरीक्षक जटा शंकर यादव, वरिष्ठ साहित्यकार दयाराम मौर्य रत्न, एलायंस क्लब इंटरनेशनल के डायरेक्टर रोशनलाल ऊमर वैश्य, आनंद मोहन ओझा, प्रेम कुमार त्रिपाठी, डा. विंध्याचल सिंह आदि ने बधाई दी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।