विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मैं धर्मपत्नी हूं, दूरी मंजूर नहीं, सात जन्मों का है यह बंधन..., रघुराज प्रताप सिंह की पत्नी भानवी ने फिर पोस्ट की भावुक अपील

By Gurudeep Tripathi Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Mon, 23 Nov 2026 05:43 PM (GMT+05:30)

भानवी सिंह ने राजा भैया के साथ अपनी तस्वीर पर भावुक गीत के लिए लोगों का आभार जताया। उन्होंने रामकथा में परिवार सहित शामिल होने की इच्छा व्यक्त करते हुए कहा कि वह अपनी और राजा भैया के बीच दूरी स्वीकार नहीं करतीं, क्योंकि विवाह सात जन्मों का बंधन है।

प्रतापगढ़ के कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने इंटरनेट मीडिया पर फिर भावुक पोस्ट किया। जागरण आर्काइव

प्रतापगढ़ के कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने इंटरनेट मीडिया पर फिर भावुक पोस्ट किया। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. हुजूर की तस्वीर पर भावुक गीत देख पिघला दिल, लोगों के स्नेह को बताया आशीर्वाद

  2. इंटरनेट मीडिया पर कुंडा विधायक राजा भैया की पत्नी ने पूर्व में भी किया था भावुक पोस्ट

जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। इंटरनेट मीडिया पर कुंडा विधायक एवं जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने फिर एक भावुक पोस्ट किया है। उन्होंने अपनी और राजा भैया की तस्वीर पर लगाए गए भावुक गीत के लिए लोगों के स्नेह और अपनापन पर हृदय से आभार जताया है।

निःस्वार्थ प्रेम और सम्मान के लिए मैं हृदय से आभारी हूं

उन्होंने लिखा है कि 'मेरी और हुजूर की तस्वीर के साथ इतना भावुक गीत लगाकर आपने जो स्नेह और अपनापन व्यक्त किया है, उसने सचमुच मेरे हृदय को छू लिया। आपके इस निःस्वार्थ प्रेम और सम्मान के लिए मैं हृदय से आभारी हूं।' अपने मन की पीड़ा साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि उनकी बहुत इच्छा थी कि इस पावन रामकथा में वे हुजूर के साथ बैठकर पूजा-अर्चना करतीं और पूरा परिवार एक साथ इस धार्मिक अनुष्ठान का हिस्सा बनता।

Raja Bhaiya Wife Bhanvi Singh Social Media Post

यह पीड़ा शब्दों में व्यक्त करना कठिन है...

उन्होंने आरोप लगाया है कि वर्षों पहले जिस कारण उन्हें अपने ही घर से निकलना पड़ा, उसी कारण आज रामकथा जैसे पवित्र अवसर पर भी उन्हें और दोनों बेटियों को अपने घर वापस नहीं आने दिया गया। उन्होंने कहा कि यह पीड़ा शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। उन्होंने लिखा - 'मैं हजूर की धर्मपत्नी हूं और धर्मपत्नी होने के नाते मैं अपने और उनके बीच किसी भी दूरी को स्वीकार नहीं करती।'

सनातन संस्कारों का किया जिक्र

अपने सनातन संस्कारों का जिक्र करते हुए उन्होंने लिखा कि उनके धर्म और संस्कारों में विवाह केवल एक सामाजिक बंधन नहीं, बल्कि सात जन्मों का पवित्र संकल्प है। उनकी धार्मिक मान्यताओं में तलाक या डिवोर्स की कोई कल्पना नहीं रही। लोगों की सुंदर, स्नेहपूर्ण और भावुक टिप्पणियां पढ़कर उनका मन भर आया। जिस अपनत्व और प्रेम के साथ सभी उनके अपने घर और परिवार में वापस लौटने की कामना कर रहे हैं, वह उनके लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है।अंत में उन्होंने ईश्वर से यही प्रार्थना की है कि एक दिन सत्य, धर्म और रिश्तों की पवित्रता की विजय हो तथा उनके परिवार में पुनः प्रेम, शांति और एकता स्थापित हो।

यह भी पढ़ें- कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह की पत्नी भानवी की भावुक पुकार, 'हजूर, बस एक मौका दे दीजिए ...'

यह भी पढ़ें- बेंती की श्री राम कथा के मंच पर पूर्वांचल के बाहुबली दिखे एक साथ, फिल्म और अध्यात्म जगत के सितारों का भी आगमन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।