प्रतापगढ़ में धीरेन्द्र शास्त्री की रामकथा पर बोले राजा भैया- अब देश भर में हो रही कुंडा और बाबागंज की पहचान
राजा भैया ने कुंडा में धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा की तैयारियों पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

HighLights
राजा भैया ने धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा तैयारियों पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
कुंडा में 17 से 20 नवंबर तक होगी बागेश्वर धाम की रामकथा।
पाकिस्तान से 500 हिंदू परिवार भी इस कथा में शामिल होंगे।
संवाद सूत्र, कुंडा। बेंती कोठी के पास परेड ग्राउंड में 17 से 20 नवंबर तक बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री राम कथा कहेंगे। इसके लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। श्रीराम कथा की तैयारियों को लेकर कुंडा नगर स्थित डिग्री कॉलेज में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि यह कथा किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे कुंडा और बाबागंज के परिवार की है। इसमें सभी कार्यकर्ता यजमान हैं और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा व सुविधाओं का ध्यान रखना सबकी जिम्मेदारी है। जिस प्रकार घर में रिश्तेदारों के आने पर परिवार के लोग उनकी सेवा और देखभाल करते हैं, उसी तरह रामकथा में देश के कोने-कोने से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करना है। कुंडा और बाबागंज की पहचान अब देश भर में हो रही है।
पाकिस्तान से 500 हिंदू परिवारों के सदस्य भी होंगे शामिल
कथा में पाकिस्तान से 500 हिंदू परिवारों के सदस्य भी शामिल होंगे। ये परिवार पहली बार मां गंगा के दर्शन करेंगे और प्रयागराज, काशी तथा अयोध्या के धार्मिक स्थलों का भ्रमण भी करेंगे। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की कथा जहां होती है, वहां हनुमान जी की उपस्थिति मानी जाती है। हम सभी केवल निमित्त हैं, उनकी कृपा से ही आयोजन सकुशल संपन्न होगा।
16 नवंबर को कुंडा और बाबागंज के सभी ब्लाकों से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह गोपाल जी ने कलश यात्रा की तैयारियों की रूपरेखा कार्यकर्ताओं के साथ साझा की। बाबागंज विधायक विनोद सरोज और जनसत्ता दल के प्रदेश महासचिव एवं पूर्व कोआपरेटिव अध्यक्ष डा. केएस ने भी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष पति कुलदीप पटेल, जिला पंचायत सदस्य बबलू सिंह, कुंडा प्रमुख पति संतोष सिंह, पूर्व प्रमुख डब्बू सिंह, संजय सिंह, बउवा तिवारी, संजय जायसवाल समेत कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- यूपी में सात IAS अफसरों का ट्रांसफर, धीरेन्द्र सिंह सचान को निदेशक पंचायती राज की कमान
यह भी पढ़ें- झांसी में धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के दरबार में उमड़ा जनसैलाब, ज्योतिरादित्य सिंधिया भी पहुंचे; लिए दो बड़े संकल्प
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।