विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रतापगढ़ में ह्दयविदारक घटना: बेटे की कार से मां की दर्दनाक मौत, अचानक एक्सीलेटर दबने से हुआ हादसा

By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sun, 29 Nov 2026 02:27 PM (IST)Updated: Sun, 29 Nov 2026 02:33 PM (IST)

प्रतापगढ़ के कुंडा में एक हृदयविदारक घटना में, बेटे की कार से दुर्घटनावश एक्सीलेटर दबने से 65 वर्षीय मां की मौत हो गई। कार मां को कुचलते हुए पेड़ से जा टकराई, जिससे परिवार में मातम छा गया।

वृद्ध महिला की मौत के बद प्रतापगढ़ के सीएचसी कुंडा में जुटे परिवार के लोग। जागरण

वृद्ध महिला की मौत के बद प्रतापगढ़ के सीएचसी कुंडा में जुटे परिवार के लोग। जागरण 

HighLights

  1. बेटे की आंखों के सामने मां ने तोड़ा दम तो फफक पड़े परिवार के लोग 

  2. वृद्धा को कुचलते हुए पेड़ से टकराई कार, कुंडा के वजीरगंज में मार्मिक घटना 

संसू, जागरण, कुंडा (प्रतापगढ़)। कुंडा कोतवाली क्षेत्र के वजीरपुर गांव में रविवार दोपहर हृदयविदारक हादसा हुआ। बेटे की कार की चपेट में आने से 65 वर्षीय वृद्ध मां की मौत हो गई। मां को कार में बैठाने के दौरान अचानक एक्सीलेटर पर बेटे का पैर पड़ गया। इससे कार अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार में आगे बढ़ी और मां को अपनी चपेट में लेते हुए पेड़ से जा टकराई। हादसे में गंभीर रूप से घायल वृद्धा को स्वजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वजीरपुर गांव में ह्दयविदारक घटना

वजीरपुर गांव निवासी विनोद यादव रविवार दोपहर अपनी कार से कहीं जाने की तैयारी कर रहा था। उसकी मां तुलसी यादव खेत से लौटकर घर पहुंची थीं। विनोद मां को कार में बैठाने लगा, तभी अचानक उसका पैर एक्सीलेटर पर पड़ गया। देखते ही देखते कार तेजी से आगे बढ़ गई और तुलसी यादव उसकी चपेट में आ गईं। कार उन्हें कुचलते हुए आगे बढ़ी और सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।

अचानक हादसे से स्वजन बदहवास

अचानक हुए इस हादसे से परिवार के लोग स्तब्ध रह गए। गंभीर रूप से घायल तुलसी यादव को आनन-फानन सीएचसी कुंडा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मां की मौत की खबर सुनते ही दोनों बेटे विनोद और मनोज बदहवास हो गए। विनोद प्रयागराज स्थित एक्सिस बैंक में नौकरी करता है, जबकि दूसरा बेटा मनोज फरीदाबाद में रिलायंस कंपनी में कार्यरत है।

परिवार ने पोस्टमार्टम नहीं कराने को पुलिस से कहा 

तुलसी के पति लल्लू प्रसाद यादव खेती-किसानी करते हैं। उनके दो बेटों के अलावा तीन बेटियां कंचन, सपना और रीता हैं। रीता की शादी हो चुकी है। सूचना पर एसआई अंकित सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। घर के आंगन में पसरा मातम और स्वजन का विलाप हर किसी को झकझोर रहा था। कुंडा कोतवाल अरविंद सिंह का कहना है कि स्वजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है शव का पंचनामा कर उसे स्वजनों को सौंप दिया गया।

यह भी पढ़ें- मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस छात्रा से छेड़खानी, विरोध पर पिटाई; गलत नीयत से कई बार कर चुका है ओछी हरकत

यह भी पढ़ें- प्रयागराज व आसपास कड़ाके की ठंड दिसंबर के पहले सप्ताह में बढ़ेगी, रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचेगा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।