प्रतापगढ़ में सर्पदंश की दो घटनाएं, चार साल की बच्ची और एक युवक की मौत, रक्षाबंधन पर घर में छाया मातम
प्रतापगढ़ के सांगीपुर में सात साल की बच्ची को सांप ने काटा जिससे उसकी मौत हो गई। लालगंज में एक श्रमिक की भी सर्पदंश से मौत हो गई जिससे उसकी चार साल की बेटी अनाथ हो गई। पिछले एक सप्ताह में प्रतापगढ़ जनपद में सर्पदंश से कई मौतें हुई हैं।

जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। लगातार बारिश होने पर जहरीले जीव-जंतू सुरक्षित स्थान की तलाश में लोगों के घरों में घुस रहे हैं और उन्हें काट ले रहे हैं। सर्प दंश की दो अलग-अलग घटनाओं में एक सात साल की बालिका व युवक की मौत हो गई। सांगीपुर में रक्षाबंधन के पर्व पर बहन की मौत से भाई की कलाई सूनी हो गई। लालगंज में चारपाई पर सो रहे श्रमिक की मौत से उसकी चार साल की बच्ची के सिर से पिता का साया उठ गया। त्योहार वाले दिन दोनों घरों में मातम छा गया।
सांगीपुर प्रतिनिधि के अनुसार कुंभापुर घुइसरनाथ धाम निवासी दुर्गेश वर्मा की सात वर्षीय पुत्री अदिति स्थानीय स्कूल में कक्षा दो की छात्रा थी। शनिवार सुबह वह बाथरूम में मंजन कर रही थी। इसी बीच वहां नीचे बैठे कोबरा ने मासूम के पैर में डस लिया। चीख सुनकर परिवार के सदस्य पहुंचे तो वहां सांप देख अवाक रह गए। स्वजन झाड़-फूंक कराने लगे। आराम न होने पर उसे स्थानीय अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी सांस थम गई थी। मौत की जानकारी होने पर स्वजन बेहाल हो गए। मृतक अकेली बहन थी। वह अपने इकलौते भाई 14 वर्षीय आदित्य को राखी बांधने के लिए बहुत उत्साहित थी। शुक्रवार शाम घुइसरनाथ बाजार से उसने भाई की कलाई में बांधने के लिए मनपसंद राखी तथा मिठाई मंगवाई थी। मगर राखी बांधने के पहले ही उसकी मौत हो गई। भाई रो-रोकर कह रहा है अब कौन मुझे राखी बांधेगा। अब मेरी कलाई सूनी रहेगी। इधर, बेटी की मौत से मां सुनीता देवी बेसुध हो गई। मृतक के पिता दिल्ली में मजदूरी करते हैं। सूचना पर गांव आ रहे हैं। शव दरवाजे पर रख पिता के आने का इंतजार हो रहा है। सांगीपुर के दारोगा हरेंद्र का कहना है कि घटना की जानकारी नहीं है।
लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार कस्बा के अझारा निवासी 30 वर्षीय दिनेश सरोज पुत्र विश्वनाथ सरोज श्रमिक था। स्वजन के अनुसार शुक्रवार रात खाना खाने के बाद वह बरामदे में चारपाई पर सो रहा था। रात करीब 12 बजे अचानक उसकी चीख सुनकर घर के लोगों की नींद खुल गई। जहरीले सर्प को चारपाई के पास से बाहर जाते देख लोग आनन-फानन उसको इलाज के लिए ट्रामा सेंटर ले आए।
यहां से चिकित्सकों ने राजा प्रताप बहादुर अस्पताल रेफर कर दिया। हालत में सुधार न होने पर स्वजन स्वरुपरानी अस्पताल प्रयागराज ले गए। वहां इलाज के दौरान शनिवार सुबह युवक की मौत हो गई। युवक का शव लेकर लोग घर लौट आए। मौत की जानकारी होने पर चीख पुकार मच गई। इसकी सूचना सुनकर पत्नी पूजा बेसुध हो गई। मृतक के एक चार वर्ष की पुत्री रिंकी है।
चार भाइयों में दिनेश दूसरे नंबर पर था। पिछले एक सप्ताह में जनपद में एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत सांप के काटने से हो गई। लगातार सर्प दंश की घटनाएं होने से लोग भयभीत हो गए हैं। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।