विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रतापगढ़ में गोमती की तर्ज पर बनेगा सई रिवर फ्रंट-रिंग रोड, नदी किनारे 12 किमी बनेगा रास्ता; विकसित होंगे घाट

By Gurudeep Tripathi Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Thu, 08 Oct 2026 06:32 PM (IST)

प्रतापगढ़ में गोमती रिवर फ्रंट की तर्ज पर सई नदी के किनारे 12 किलोमीटर लंबा सई रिवर फ्रंट और रिंग ...और पढ़ें

प्रतापगढ़ की सई नदी घाट, जहां से शुरू होगा रिवर फ्रंट। जागरण

प्रतापगढ़ की सई नदी घाट, जहां से शुरू होगा रिवर फ्रंट। जागरण

HighLights

  1. 29 जुलाई 2025 को सपा सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल ने उठाई थी मांग

  2. 18 मार्च 2026 को तत्कालीन जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी को दिए थे निर्देश

गुरुदीप त्रिपाठी, प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने वाली एक महत्वाकांक्षी परियोजना जल्द आकार लेने जा रही है। सई नदी के किनारे 12 किलोमीटर लंबे क्षेत्र में लखनऊ के गोमती रिवर फ्रंट की तर्ज पर सई रिवर फ्रंट व रिंग रोड विकसित किया जाएगा। इससे पर्यटन व परिवहन दोनों की राह सुगम होगी।

भीषण जाम की समस्या से जूझते हैं लोग

दरअसल, प्रतापगढ़ नगर पालिका परिषद क्षेत्र में प्रवेश के लिए एक दर्जन से अधिक लिंक मार्ग हैं। इन पर नियमित रूप से भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है। नगर के चारों ओर तेजी से विकसित हो रहे शैक्षणिक, चिकित्सा एवं धार्मिक संस्थानों की बढ़ती संख्या के कारण यातायात व्यवस्था पर भारी दबाव उत्पन्न हो रहा है। ऐसे में कादीपुर रोड स्थित सई नदी के किनारे शिवसत गांव से होते हुए खीरीवीर घाट, जिरियामऊ घाट, बेल्हा देवी घाट, बराछा, गाय घाट होते हुए डॉ. सोनेलाल पटेल मेडिकल बाईपास होते हुए रिंग रोड का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है।

लोनिवि ने डीपीआर बनाया 

इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) लोक निर्माण विभाग तैयार करा चुका है। अब सिंचाई विभाग के साथ तकनीकी विमर्श के बाद परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू होगी। सपा सांसद डा. एसपी सिंह पटेल ने इसके लिए सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय नितिन गडकरी को पत्र लिखा था। इस पर कवायद आगे बढ़ी है।

सड़क, पार्किंग सुविधा व नदी घाट होंगे

इस परियोजना में सई नदी के किनारे 12 किलोमीटर की सड़क नदी के किनारे से होकर बनेगी। इसमें चार जगह पार्किंग प्वाइंट होगा। सेल्फी प्वाइंट भी हर एक किमी पर रहेंगे। इसमें जो प्रमुख गांव पड़ेंगे, वहां पर नदी पर घाट बनेंगे। इसके लिए लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग को मिलकर काम करने को कहा गया है। यह गोमती रिवर फ्रंट से कुछ अलग रहेगा यानी इसके साथ 12 किमी का मार्ग होगा, जो मां बेल्हा देवी धाम को दर्जनों गांवों को कनेक्ट करेगा। यह नदी के तटवर्तीय विकास व सुंदरीकरण के लिए उठाया जाने वाला एक बड़ा कदम होगा। इससे दिलीपपुर के लोगों को चौक व जेल रोड रेलवे फाटक के जाम से मुक्ति मिल सकेगी। उनका सफर सुहाना होगा।

प्रमुख स्थलों का आपस में होगा जुड़ाव

प्रस्तावित रिवर फ्रंट-रिंग रोड प्रमुख स्थलों को आपस में जोड़ेगा। दक्षिण-पूर्वदिशा में दिलीपपुर रोड स्थित राजकीय जिला अस्पताल, राजकीय इंजीनियरिंग कालेज, राजकीय ड्रग्स सेंटर एवं राजकीय पालिटेक्निक संस्थान। उत्तर दिशा में जनपद का ऐतिहासिक धार्मिक स्थल मां बेल्हा देवी धाम राष्ट्रीय राजमार्ग और पश्चिम दिशा में डा. सोनेलाल पटेल राजकीय मेडिकल कालेज व बाईपास करौंदी रोड को जोड़ेगा। इस रिवर फ्रंट-रिंग रोड से न केवल ट्रैफिक जाम की समस्या का स्थायी समाधान होगा, बल्कि शहर का एक आधुनिक एवं योजनाबद्ध ढांचे में परिवर्तित करेगा।

तकनीकी परीक्षण चल रहा है। डीपीआर तैयार कर लिया गया है। लोक निर्माण विभाग के साथ बैठक करके फाइनल रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। वहां से हरी झंडी मिलते ही काम शुरू करा दिया जाएगा।
- अभिषेक पांडेय, जिलाधिकारी।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज संगम क्षेत्र में श्रद्धालुओं के वाहनों से नहीं होगी मनमानी वसूली, निर्धारित होगा पार्किंग शुल्क और स्थल

यह भी पढ़ें- प्रयागराज: नैनी औद्योगिक क्षेत्र का 58.44 करोड़ से होगा कायाकल्प 1 दिसंबर से दिखेगा नया स्वरूप