प्रतापगढ़ के सपा कार्यवाहक जिलाध्यक्ष गुलशन यादव पर अब एक लाख रुपये का इनाम, फरारी काट रहे, कई थानों में दर्ज हैं 55 केस
प्रतापगढ़ जनपद में कुंडा के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गुलशन यादव पर पुलिस ने इनाम की राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी है। यह कार्रवाई कुर्क की गई जमीन को बेचने के एक मामले में उनकी लगातार फरारी के चलते की गई है। गुलशन यादव पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।

संसू, जागरण, कुंडा (प्रतापगढ़)। समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष व पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष कुंडा गुलशन यादव पर घोषित इनाम की धनराशि बढ़ा दी गई है। कुर्क की गई जमीन को बचने के केस में उसके लगातार फरार रहने पर पुलिस ने अब उस पर एक लाख का इनाम घोषित किया है।
उस पर मानिकपुर के मऊदारा गांव में कुर्क जमीन बेचने का मुकदमा पिछले साल मानिकपुर थाने में दर्ज हुआ था। तब से वह फरार है। उस पर कानून का शिकंजा कसता जा रहा है। सबसे पहले पुलिस अधीक्षक डा. अनिल कुमार द्वारा 25000 का इनाम घोषित किया गया था। उसके बाद दूसरी बार आइजी ने उसे बढ़ाकर 50 हजार कर दिया। इधर पुलिस लगातार उसे पकड़ने का प्रयास भी करती रही। वह नहीं मिल सका।
सोमवार को एडीजी प्रयागराज डा. संजीव गुप्ता ने एक लाख का इनाम घोषित कर दिया। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गुलशन का लंबा आपराधिक इतिहास है। हत्या, लूट, छिनैती, अपहरण का प्रयास, गैंग्सटर व गुंडा एक्ट समेत 55 मुकदमे अलग-अलग थानों में उस पर दर्ज हैं। विधानसभा चुनाव 2022 के बाद गुलशन पर छह मुकदमे दर्ज हुए थे, जिसमें रंगदारी, एसटी-एससी, गैंग्सटर एक्ट इसमें शामिल रहे।
गुलशन का भाई छविनाथ यादव सपा का जिलाध्यक्ष है। वह एससी-एसटी मुकदमे में जमानत न होने से काफी समय से जेल में बंद है। यही नहीं गुलशन 2022 के विधानसभा चुनाव के जनसत्ता दल के प्रमुख रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया के खिलाफ कुंडा सीट से चुनाव भी लड़ चुका है, जिसमें वह हारा था। उसकी चुनावी जनसभा करने के लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव कुंडा आए थे। कुंडा में कुंडी लगाने के उनके बयान पर काफी प्रतिक्रिया हुई थी। कुंडा कोतवाल अवन कुमार दीक्षित का कहना है कि गुलशन पर इनाम राशि बढ़ी है। उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।