विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनतेरस से पहले प्रतापगढ़ के सराफा बाजार में रौनक, सिंगापुर की सोने की मूर्तियां बनीं आकर्षण

Published: Wed, 04 Nov 2026 12:14 PM (IST)

सोने-चांदी की कीमतों में नरमी से प्रतापगढ़ के सराफा बाजार में धनतेरस और दीपावली से पहले रौनक बढ़ गई है।

सिंगापुर में बनी लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति। जागरण

सिंगापुर में बनी लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति। जागरण

HighLights

  1. सोने की कीमतों में नरमी से बाजार में रौनक बढ़ी।

  2. सिंगापुर से बनी लक्ष्मी-गणेश प्रतिमाएं बनीं आकर्षण का केंद्र।

  3. धनतेरस के लिए ग्राहक कर रहे आभूषणों की बुकिंग।

जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। सोने-चांदी की कीमतों में नरमी से सराफा बाजार में रौनक बढ़ी है। धनतेरस और दीपावली पर शुभ खरीदारी की तैयारी कर रहे ग्राहक आभूषण पसंद करने और उनकी बुकिंग कराने लगे हैं। लेटेस्ट डिजाइन के जेवर आकर्षण का केंद्र हैं। सहालग को देखते हुए लोग मनपसंद डिजाइन के आभूषण बनवाने के लिए अग्रिम रकम भी जमा कर रहे हैं।

शहर के पंजाबी मार्केट के सराफा कारोबारी अश्वनी कुमार सोनी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में सोने की कीमतों में करीब छह हजार रुपये की गिरावट आई है। इससे खरीदारी को लेकर ग्राहकों का उत्साह बढ़ा है। दुकानों पर ग्राहक नए डिजाइन देख रहे हैं और अपनी पसंद के जेवर तैयार कराने के लिए आर्डर दे रहे हैं। उनकी कोशिश है कि धनतेरस पर पसंदीदा आभूषण घर ले जा सकें।

सराफा व्यवसायी अमित केसरवानी ने बताया कि त्योहार और सहालग के लिए ग्राहक आभूषणों की बुकिंग करा रहे हैं। पसंद के डिजाइन में जेवर तैयार कराने के लिए करीब 15 दिन पहले तक के आर्डर लिए जा रहे हैं। कुछ ग्राहक कीमत का लगभग 65 प्रतिशत तक अग्रिम भुगतान कर रहे हैं, ताकि धनतेरस पर समय से डिलीवरी मिल सके।

सिंगापुर की प्रतिमाएं बनीं आकर्षण का केंद्र

दीपावली पर सराफा बाजार में सिंगापुर में सोने से बनी मां लक्ष्मी और गणेश की प्रतिमाएं आकर्षण का केंद्र हैं। श्याम बिहारी मार्केट, पंजाबी मार्केट समेत जनपद की अन्य सराफा दुकानों पर चांदी के नोट और सिक्के भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।

हॉलमार्क और एचयूआईडी देखकर खरीदें सोना

व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेंद्र केसरवानी ने ग्राहकों को आभूषण खरीदते समय शुद्धता की जांच करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सोने के जेवर खरीदते समय हालमार्क और छह अंकों वाले एचयूआईडी नंबर की जांच जरूर करें। 24 कैरेट सोने का इस्तेमाल सामान्य तौर पर आभूषणों के बजाय सिक्के आदि बनाने में होता है। हालमार्क और एचयूआईडी नंबर से ग्राहक सोने की शुद्धता के प्रति आश्वस्त हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें- धनतेरस पर कुबेर देव की पूजा से पहले जान लें ये जरूरी नियम, इस विधि से पूजन करने से होगी धन वर्षा

यह भी पढ़ें-  धनतेरस से बड़ी दिवाली तक... मुरादाबाद के बाजारों में ई-रिक्शा की नो एंट्री, पैदल खरीदारी करेंगे लोग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।