धनतेरस से बड़ी दिवाली तक... मुरादाबाद के बाजारों में ई-रिक्शा की नो एंट्री, पैदल खरीदारी करेंगे लोग
मुरादाबाद में धनतेरस से बड़ी दिवाली तक बाजारों में ई-रिक्शा के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।

HighLights
धनतेरस से बड़ी दिवाली तक ई-रिक्शा प्रतिबंधित।
पुलिस और व्यापारी संगठनों ने मिलकर लिया निर्णय।
बाजारों में भीड़ व जाम से निपटने का उपाय।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। त्योहार पर बाजारों में बढ़ती भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
धनतेरस, छोटी दिवाली और बड़ी दिवाली पर शहर के प्रमुख बाजारों में तीन दिन ई-रिक्शा की नो एंट्री रहेगी। इन दिनों ग्राहकों को बाजार में पैदल ही खरीदारी करनी होगी। मंगलवार को सदर कोतवाली में पुलिस और व्यापारी संगठनों के बीच हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।
बैठक में संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल जानी और प्रदेश महामंत्री विपिन गुप्ता ने कहा कि त्योहार पर बाजारों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ने से आवागमन प्रभावित होता है। ऐसे में तीनों दिन प्रमुख बाजारों में ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह बंद रखा जाएगा।
व्यापारियों से भी अपील की गई कि वे दुकानों का सामान सड़क पर फैलाकर न रखें, जिससे ग्राहकों को पैदल चलने में परेशानी न हो और बाजार में आवागमन सुचारू बना रहे। व्यापारी नेताओं ने पुलिस प्रशासन से यह भी मांग की कि व्यवस्था बनाने के नाम पर व्यापारियों का किसी तरह उत्पीड़न न किया जाए।
व्यापारी हमेशा पुलिस और प्रशासन का सहयोग करते आए हैं और आगे भी करते रहेंगे। सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने व्यापारियों से त्योहार पर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। बाजार गंज सर्राफा कमेटी के अध्यक्ष नीरज अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, मूलचंद चौहान, सरदार गुरप्रीत बेदी, विशाल अग्रवाल आदि रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।