दिवाली पर सेहत से खिलवाड़! एक्सपायरी सामग्री और जहरीले रंगों से बना रहे थे मिठाई, फैक्ट्री में रेंगते मिले चूहे
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मुरादाबाद में मिठाई की दुकानों पर गंभीर अनियमितताएं पाईं, जिनमें एक्सपायरी सामग्री, अखाद्य रंग और चूहों की गंदगी शामिल है।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
एक्सपायरी सामग्री और अखाद्य रंगों का प्रयोग।
मिठाई इकाइयों में चूहों की गंदगी और अस्वच्छता।
तीन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित, एक बंद।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। शहर और आसपास के क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में मिठाई बनाने और बेचने वाले प्रतिष्ठानों में ऐसी गंभीर लापरवाही मिली है, जो लोगों की सेहत के लिए खतरा बन सकती है।
कहीं एक्सपायरी सामग्री से मिठाई तैयार की जा रही थी तो कहीं अखाद्य रंगों का इस्तेमाल हो रहा था। निर्माण इकाइयों में चूहों की गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियां भी मिलीं। विभाग ने तीन प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की है।
ढकिया, डिलारी के पास स्थित हुकूमत मिल्क केक की रसगुल्ला निर्माण इकाई में खाद्य पदार्थ असुरक्षित परिस्थितियों में तैयार किए जा रहे थे। जांच के दौरान खाद्य सामग्री संदूषित अवस्था में बिखरी मिली। साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा के मानकों की अनदेखी पर विभाग ने इकाई का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया।
इसी तरह कोहिनूर तिराहे के पास स्थित मदनी स्वीट्स में जांच के दौरान एक्सपायरी खाद्य सामग्री का इस्तेमाल होता मिला। परिसर में चूहों की गंदगी थी और मिठाइयों में अखाद्य रंगों का प्रयोग किया जा रहा था। जल निकासी की व्यवस्था भी खराब मिली।
इन गंभीर अनियमितताओं के चलते प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। वहीं, बड़ी सब्जी मंडी के पास स्थित बीना मिष्ठान भंडार बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित पाया गया। यहां गंदगी और चूहों का प्रकोप भी मिला। विभाग ने प्रतिष्ठान का कारोबार बंद करा दिया।
इसके अलावा कासगंज के पवन स्वीट्स में भी गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण होने पर कार्रवाई की गई। खाद्य प्रतिष्ठानों में मिल रही इन खामियों ने विभागीय निगरानी और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
त्योहार पर मिठाई खरीदने वाले उपभोक्ताओं को भी सतर्क रहने की जरूरत है। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा द्वितीय राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि लखनऊ की टीम ने कई जगह छापामारी की थी। जिसमें यह गड़बड़ी मिली है। इन सभी के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
पेट खराब करेगी एक्सपायर सामग्री से बनी मिठाई
फिजिशियन डॉ. सौभाग्य मिश्रा ने बताया कि त्योहार पर मिठाई खरीदने में सावधानी जरूरी है। एक्सपायर सामग्री से बनी मिठाई का सेवन करने से पेट खराब होने, फूड प्वाइजनिंग का अंदेशा बना रहता है। खानपान में सावधानी बरतनी जरूरी है। अगर उल्टी-दस्त हो जाएं तो चिकित्सक से संपर्क करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।