Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Pratapgarh News : बदमाशों ने पांच लाख रुपये में ली थी अधिवक्ता की हत्या की सुपारी, दो शूटर पुलिस मुठभेड़ में हुए हैं घायल

    Updated: Mon, 25 Aug 2025 06:20 PM (IST)

    प्रतापगढ़ में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया जबकि दो भागने में सफल रहे। बदमाशों ने बताया कि वकील को मारने के लिए पांच लाख की सुपारी मिली थी जिसमें 10 हजार एडवांस दिए गए थे। पुलिस फरार बदमाशों और साजिश रचने वालों की तलाश कर रही है।

    Hero Image
    प्रतापगढ़ में वकील की हत्या की सुपारी लेने वालों की पुलिस तलाश कर रही है।

    जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। जीरो टालरेंस नीति पर चलते हुए पुलिस अपराधियों को सबक सिखा रही है। जिले में मुठभेड़ का क्रम जारी है। शुक्रवार रात हथिगवां में दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ा था, दोनों को गोली लगी थी। अब अधिवक्ता की हत्या की पांच लाख की सुपारी लेकर फायर करके हत्या का प्रयास करने वाले चार अंतरजनपदीय बदमाशों से पुलिस की रात में मुठभेड़ हो गई। इनमें से दो के पैर में गोली लग गई। उनको गिरफ्तार कर लिया गया और दो अन्य साथी बदमाश भाग निकले।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    फायर मिस होने से बची थी वकील की जान 

    21 अगस्त को अधिवक्ता सर्वजीत सिंह जोगापुर स्थित अपने घर बाइक से जा रहे थे। शाम करीब सात बजे बाइक सवार बदमाशों ने फायर किया था। पहला फायर मिस व दूसरी बार गोली फंस जाने से अधिवक्ता की जान बच गई थी।

    सीसीटीवी फुटेज से पुलिस जांच बढ़ा रही थी

    सीसीटीवी फुटेज से जांच करते हुए पुलिस आगे बढ़ रही थी। गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन किया गया था। थाना कोतवाली नगर पुलिस व स्पेशल टीम संयुक्त रूप से रात में करीब तीन बजे अमेठी रोड पर चमरौरा नदी के पुल पर बिहारगंज के पास शहर कोतवाल नीरज यादव और स्पेशल टीम के प्रभारी अर्जुन सिंह की देखरेख में वाहन चेकिंग कर रहे थे।

    दो बदमाश फरार हो गए हैं

    इसी दौरान जाइलो गाड़ी आती दिखाई पड़ी। रोकने पर उसकी रफ्तार और तेज हो गई। पुलिस ने ओवरटेक करके उसे रोका तो उसमें से चार बदमाश निकलकर भागे। पुलिस दौड़ी तो उसमें से दो बदमाश फायर करने लगे। इस पर पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग कर दी। इस दौरान दो बदमाश घायल हो गए।

    वकील को मारने के लिए 10 हजार एडवांस मिले थे

    बदमाशों की पहचान अमित उर्फ बउवा पुत्र फूलचंद्र उस्तापुर महमूदाबाद झूंसी और अजीत पुत्र हुकुम चंद्र 8 आर्य बाजार तोपखाना कैंट नगर प्रयागराज के रूप में हुई। इनके दो अन्य साथी जंगल में अंधेरे में भाग निकले। पुलिस की पूछताछ में बदमाशों ने जानकारी दी कि वकील को मारने का सौदा पांच लाख में तय हुआ था, जिसमें से 10 हजार एडवांस मिले थे। यह डील वकील के गांव के कुछ लोगों के एक रिश्तेदार ने कराई थी।

    इन पर है हत्या की साजिश रचने का आरोप

    ऐसी आशंका में पीड़ित वकील ने गांव के सिब्बू सिंह, कल्लू सिंह, मनीष सिंह समेत कई को हत्या की साजिश रचने का आरोप मुकदमे में लगाया भी है। पुलिस अब सुपारी देने वाले व साजिश रचने वालों पर शिकंजा कसेगी।

    बोले एसपी- फरार बदमाशों को चिह्नित किया जा रहा 

    प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) डा. अनिल कुमार का कहना है कि पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ प्रयागराज में भी लूट, गैंग्सटर एक्ट समेत चार-चार केस दर्ज हैं। अन्य आपराधिक इतिहास के बारे में भी पता लगाया जा रहा है। दो भागे हैं, उनको भी चिह्नित किया जाएगा।