विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रतापगढ़ में बृजेंद्र हत्याकांड का पर्दाफाश: प्रेम प्रसंग में रोड़ा बनने पर हुई थी हत्या, दो गिरफ्तार

Published: Wed, 04 Nov 2026 06:34 PM (IST)

प्रतापगढ़ पुलिस ने बृजेंद्र हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों नीरज सिंह और साहिल सरोज को गिरफ्तार किया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. बृजेंद्र हत्याकांड में पुलिस ने दो आरोपी किए गिरफ्तार।

  2. प्रेम प्रसंग में बाधा बनने पर की गई थी हत्या।

  3. शराब पिलाकर गला घोंटा, शव तालाब में फेंका गया।

जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। संग्रामगढ़ के प्रतापपुर चेरागढ़ गांव के 24 वर्षीय बृजेंद्र सिंह की हत्या प्रेम प्रसंग की रंजिश में की गई थी। पुलिस ने इस हत्याकांड का मंगलवार को पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितों नीरज सिंह और साहिल सरोज को गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनंदन राय ने बताया कि प्रेम में बाधा बनने पर रची गई साजिश में युवक को शराब पिलाकर मारा गया। हालांकि, परिवार के संपत्ति विवाद के पहलू की भी जांच की जा रही है।

यह है पूरा मामला

घटना 27 अक्टूबर की रात की है। प्रतापपुर चेरागढ़ निवासी बिजेंद्र खेत देखने के बहाने घर से निकला था। देर रात तक नहीं लौटा तो स्वजन ने तलाश शुरू की। अगले दिन संग्रामगढ़ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई और अपहरण की आशंका जताई गई। उसी रात गांव से पिपरी जाने वाले मार्ग पर नाले के पास झाड़ियों में उसका मोबाइल मिला।

पुलिस ने मामले को अपहरण में तरमीम कर जांच शुरू की तो सोमवार को गांव के ही तालाबनुमा गड्ढे में उसका शव बरामद हुआ। पूछताछ में नीरज ने जो राज उगला, वह चौंकाने वाला था। नीरज गांव की ही एक लड़की से प्रेम करता था।

बृजेंद्र ने दोनों को साथ देख लिया था और इसकी जानकारी युवती के घरवालों को दे दी थी। इससे युवती के घरवाले नीरज से नाराज हो गए थे। इसी बात को लेकर नीरज बृजेंद्र से रंजिश रखने लगा। उसने अपने साथी साहिल को रुपये का लालच देकर हत्या की योजना में शामिल किया।

पहले मोमोज खिलाया, फिर शराब पिलाकर कत्ल

सीओ लालगंज राजीव द्विवेदी ने बताया कि योजना के तहत 27 अक्टूबर को दोनों ने शराब खरीदी। नीरज ने दूसरे सिम से फोन कर बृजेंद्र को खेत पर बुलाया। पहले उसे मोमोज खिलाया फिर जमकर शराब पिलाई। जब बृजेंद्र अधिक नशे में हो गया तो दोनों ने रस्सी से उसका गला कसकर हत्या कर दी। साक्ष्य छिपाने के लिए शव को बोरे में मिट्टी भरकर बांधा और गांव के ही तालाबनुमा गड्ढे में फेंक दिया।

लौटते समय वे उसका मोबाइल और पर्स भी ले गए। पुलिस ने साहिल की निशानदेही पर मृतक का पर्स, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और वारदात में प्रयुक्त रस्सी का टुकड़ा बरामद किया है। नीरज की निशानदेही पर शव छिपाने की जगह और हत्या में प्रयुक्त फावड़ा भी मिला है। गिरफ्तारी टीम में एसओ सिद्धार्थ सिंह के साथ स्पेशल टीम व सर्विलांस सेल शामिल रही।

नीरज की झूठी कहानी में 15 घंटे उलझी रही पुलिस

बृजेंद्र हत्याकांड की गुत्थी सुलझाना आसान नहीं था। आरोपित नीरज ने पुलिस को 15 घंटे तक उलझाए रखा। पहले उसने जांच को भटकाने के लिए मृतक के दो सगे भाइयों और भाभी से अवैध संबंध की झूठी कहानी गढ़ दी। पुलिस ने इसी आधार पर सोमवार देर रात दोनों सगे भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मंगलवार तड़के जब साहिल पकड़ा गया तो पूरा सच सामने आया और प्रेम प्रसंग की असली वजह उजागर हुई।

यह भी पढ़ें- कैमरे का कर्ज चुकाने के लिए छात्र बना लुटेरा: 50 हजार के लिए लूटा बैंक, दूसरी बार डकैती करते गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में चेन स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश, गला हुआ सोना खरीदने वाला सुनार समेत 3 गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।