पशुपालक दुधारू पशुओं को Oxytocin Injection लगवा रहे हैं तो सावधान हो जाएं, इसके नुकसान भी जानें
आम तौर पर अधिकांश पशुपालक पशुओं को आक्सीटोसिन इंजेक्शन लगवाने में कोताही नहीं करते। ऐसा करने का उनका अभिप्राय यह होता है कि पशु अधिक दूध दे सकें और उनका व्यवसाय फलफूल सके। हालांकि इस इंजेक्शन से दुधारू पशुओं के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ता है मौत भी हो सकती है।

संसू, जागरण, प्रतापगढ़। अगर आप पशुपालक हैं और अपने दुधारू पशुओं को फ्लूनिक्सिन मेग्लुमिन और आक्सीटोसिन इंजेक्शन Oxytocin Injection लगवा रहे हैं तो सावधान हो जाइए। क्योंकि यह इंजेक्शन उनके स्वास्थ्य के लिए बहुत ही खतरनाक भी साबित हो सकता है। इसके अधिक डोज से पशुओं की जान भी जा सकती है।
बिक्री पर रोक फिर भी बेचा जा रहा
आक्सीटोसिन इंजेक्शन की बिक्री पर रोक लगी है। इसके बाद भी दुकानों पर धड़ल्ले से बिक रहा है। प्रशासन की भी नजर इस पर नहीं पड़ रही है। इससे सिस्टम पर सवाल उठ रहा है। जनपद में 64 हजार से अधिक पशुपालक हैं। तमाम पशुपालक दूध और प्रसव के चक्कर में दुधारू पशुओं को फ्लूनिक्सिन मेग्लुमिन और आक्सीटोसिन इंजेक्शन लगवाते हैं। इसके लगते ही बच्चा भी जल्दी निकल आता है। साथ ही दूध भी निकालने में आसानी होती है।
पशुओं की दवा दुकान पर आसानी से मिलता है
अपने फायदे के चक्कर में पशुपालक इसका प्रयोग कर रहे हैं। इससे पशुओं पर प्रतिकूल प्रभाव का खतरा बढ़ जाता है। हैरानी की बात यह है कि खतरनाक होने से इंजेक्शन की बिक्री पर रोक लगी है, जबकि पशुओं की दवा की दुकानों पर यह आसानी से मिल जा रहा है। इसके प्रयोग से दुधारू पशुओं के लिवर और किडनी खराब होने का डर बना रहता है।
एक वर्ष में 15 गाय, भैंस के लिवर व किडनी खराब
पशुपालन विभाग के अनुसार सदर, कुंडा, लालगंज, रानीगंज और पट्टी में इलाज के दौरान पिछले एक साल में 15 गाय और भैंस के लिवर और किडनी खराब होने का मामला सामने आ चुका है। दूध भी कम देने लगी हैं। यह इंजेक्शन का असर है।
क्या कहते हैं सीएमओ
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी CMO डा. प्रदीप कुमार ने बताया कि फ्लूनिक्सिन मेग्लुमिन और Oxytocin Injection बहुत ही खतरनाक है। इसके प्रयोग से दुधारू गाय-भैंस की जान जा सकती है। लिवर और किडनी खराब होने का डर रहता है। इसकी बिक्री पर प्रतिबंध लगा है, मगर बाजार में इसकी बिक्री हो रही है। इस पर रोक लगनी चाहिए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।