Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Pratapgarh News: सीएम योगी के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट, जिले को मिलेगी करोड़ों रुपये की सौगात

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रतापगढ़ में 575 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का तोहफा देंगे। वे मां बेल्हा देवी के दर्शन करेंगे और विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। जीआईसी मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे और लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित करेंगे। जनपद में बाईपास फोरलेन सड़कें और औद्योगिक इकाइयों जैसे विकास कार्य चल रहे हैं। सीएम 265 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण और 310 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास करेंगे।

    By ramesh yadav Edited By: Ashish Mishra Updated: Thu, 28 Aug 2025 12:30 PM (IST)
    Hero Image
    मुख्यमंत्री योगी प्रतापगढ़ को देंगे 575 करोड़ का विकास पैकेज। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। जनपद में विकास कार्यों को पंख लगाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेल्हा आ रहे हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री जनपद के विकास के लिए 575 करोड़ रुपये का पैकेज देंगे। वह पहली बार मां बेल्हा देवी धाम में दर्शन भी करेंगे। विकास कार्यों की समीक्षा बैठक विकास भवन में करेंगे। जीआइसी में 10 हजार लोगों की जनसभा को संबाेधित करते हुए विभिन्न योजनाओं के लाभान्वितों को प्रमाण-पत्र वितरित करेंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय होने पर जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी व एसपी डॉ. अनिल कुमार ने बुधवार शाम को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करके आवश्यक निर्देश दिए। उधर, भाजपा ने भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर संगठन की बैठक करके पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी।

    जनपद में पिछले तीन साल से विकास कार्य तेज गति से हो रहे हैं। लोहंगपुर से लेकर सुखपाल नगर तक बाईपास शुरू हो चुका है। शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए फोरलेन सीसी रोड का काम भी रफ्तार पकड़ चुका है। ऑटो ट्रैक्टर्स लिमिटेड यानी एटीएल में फिर से औद्योगिक इकाई लगाने की कवायद धरातल पर दिखाई देनी लगी है।

    प्रतापगढ़ में पहली टाउनशिप बनाने की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है। चिलबिला से लेकर मुसाफिरखाना तक सड़क का चौड़ीकरण का भी काम प्रारंभ होने वाला है। इसके अलावा जनपद की सड़कों का सुदृढ़ीकरण से लेकर अन्य विकास कार्य होने वाले हैं। इन सभी कार्यों की समीक्षा बैठक करने के लिए मुख्यमंत्री प्रतापगढ़ आ रहे हैं।

    यह पहला अवसर होगा, जब मुख्यमंत्री यहां पर विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। इससे पहले मंडल स्तर पर ही जनपद के विकास कार्यों की समीक्षा होती थी। मुख्यमंत्री 265 करोड़ के 120 कार्यों का लोकार्पण और 310 करोड़ के 74 कार्यों का शिलान्यास करेंगे।

    जिन विभाग के कार्यों का शिलान्यास होना है, उसमें लोक निर्माण विभाग, नगर विकास, गृह विकास, आयुष, बेसिक शिक्षा विभाग, स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन, उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद, पर्यटन विभाग, गृह (पुलिस) विभाग शामिल है। लोकार्पण में लोक निर्माण विभाग, गृह विभाग, नगर विकास, स्वास्थ्य विभाग, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, माध्यमिक शिक्षा, गृह (पुलिस) विभाग, नमामि गंगे तथा ग्रामीण जलापूर्ति विभाग, पर्यटन विभाग, युवा कल्याण विभाग, ग्राम विकास विभाग शामिल है।

    सातों विधानसभाओं से बुलाए जाएंगे लोग

    जीआईसी में होने वाली मुख्यमंत्री की जनसभा में 10 हजार लोगों को बुलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसलिए प्रत्येक विधानसभा से डेढ़ हजार से अधिक लोग बुलाए जाएंगे। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से बेल्हा आएंगे। सबसे पहले वह नगर की अधिष्ठात्री मां बेल्हा देवी का पूजन-दर्शन करके लोक मंगल के लिए कामना करेंगे।

    इसके उपरांत वह विकास भवन सभागार में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। फिर जीआइसी मैदान पर जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री दो साल पहले बेल्हा में जनसभा को संबोधित करने आए थे। उस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी थे। इसके अलावा मुख्यमंत्री का जनपद में कार्यक्रम चुनाव के दौरान ही हुआ है।

    संगठन के कंधों पर महती भूमिका

    मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में 10 हजार लोगों को लाने की महती भूमिका संगठन के कंधों पर है। जिला प्रशासन लाभार्थियों को कार्यक्रम में लेकर आएगा। भीड़ संगठन को जुटानी है। इसके लिए बुधवार शाम को भाजपा के टेऊंगा कार्यालय पर भाजपा जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में बैठक हुई।

    इसमें जिलाध्यक्ष आशीष कुमार श्रीवास्तव ने संगठन के पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी। कैसे लोगों को कार्यक्रम स्थल पर लाना है, कैसे उनके सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाना है। इसको लेकर वृहद चर्चा हुई।

    बैठक में सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्या, पूर्व जिलाध्यक्ष हरिओम मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि विशाल विक्रम सिंह, पूर्व सांसद के प्रतिनिधि अभिषेक पांडेय, महामंत्री राजेश सिंह, विजय मिश्रा, राघवेंद्र शुक्ला आदि मौजूद रहे। उधर निरीक्षण के दौरान एडीएम आदित्य प्रजापति, एएसपी पूर्वी शैलेंद्र लाल, सीओ सिटी प्रशांत राज समेत अधिकारी माैजूद रहे।

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करने के लिए प्रतापगढ़ आ रहे हैं। उनकी जनसभा जीआइसी मैदान पर होगी। कार्यक्रम के लिए सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। -शिव सहाय अवस्थी, जिलाधिकारी।

    दूसरे जनपद से भी बुलाई जाएगी फोर्स

    मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए दूसरे जनपदों से भी फोर्स को बुलाया जाएगा। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय होने पर पुलिस विभाग भी सक्रिय हो गया है। उच्च अधिकारी कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार फोर्स की तैनाती के लिए जुट गए हैं।

    बुधवार शाम को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर शहर में सड़कों पर से अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया गया। मां बेल्हा देवी धाम से लेकर समीक्षा बैठक और जनसभा स्थल के मार्ग पर अतिक्रमण हटाया जा रहा है।

    सीएम योगी जिले में 265 करोड़ की 120 कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही, 310 करोड़ के 74 कार्यों का शिलान्यास भी होगा।