प्रयागराज से लखनऊ जा रही वंदे भारत से टकराई बाइक, सकुशल दोनों युवक हुए फरार; करीब 10 मिनट खड़ी रही ट्रेन
प्रतापगढ़ के कुंडा में बंद रेलवे फाटक पार करते समय एक बाइक वंदे भारत एक्सप्रेस से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक सकुशल फरार हो गए, जबकि ट्रेन करीब 10 मिनट तक रुकी रही।

प्रतापगढ़ में कुंडा में हादसे के बाद खड़ी प्रयागराज से लखनऊ जा रही वंदे भारत व ट्रेन से टकराकर क्षतिग्रस्त बाइक। जागरण
HighLights
बंद फाटक के बीच से बाइक निकालने का प्रयास कर रहे थे बाइक सवार
प्रतापगढ़ जनपद में कुंडा के कमेटी मार्ग स्थित रेलवे फाटक पर हुई दुर्घटना
संसू, जागरण, कुंडा (प्रतापगढ़)। बंद रेलवे फाटक के बीच से बाइक निकालने की जल्दबाजी दो युवकों के लिए भारी पड़ गई। हालांकि संयोग ही रहा कि दोनों की जान बच गई। रविवार शाम प्रयागराज से लखनऊ जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में बाइक आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बाइक सवार युवक मौके पर बाइक छोड़कर भाग निकले।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना रविवार शाम करीब चार बजे कुंडा कमेटी मार्ग स्थित रेलवे फाटक पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रेलवे फाटक बंद होने के बावजूद बाइक सवार युवक जल्दबाजी में उसे पार करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान प्रयागराज की ओर से लखनऊ जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस आ गई। बाइक निकालने के दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गई।
टक्कर लगते ही बाइक के परखचे उड़ गए। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। क्षतिग्रस्त बाइक को देखने के लिए मौके पर काफी देर तक लोगों का जमावड़ा लगा रहा। बाइक से टकराने के बाद वंदे भारत एक्सप्रेस रेलवे ट्रैक पर ही रुक गई। घटना की सूचना पर रेलवे कर्मियों में भी हलचल मच गई।
स्टेशन मास्टर जितेंद्र गुप्ता के मुताबिक, बाइक से टक्कर के कारण ट्रेन करीब 10 मिनट तक खड़ी रही। जांच में सब कुछ ठीक पाए जाने के बाद शाम करीब 4:10 बजे ट्रेन को लखनऊ के लिए रवाना कर दिया गया। हादसे के बाद बाइक सवारों के मौके से भागने को लेकर भी चर्चा होती रही। ऊंचाहार आरपीएफ इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह का कहना है कि क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लिया गया है मामले की जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।