विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जंगल सफारी के साथ 'समंदर' का मजा! इस टाइगर रिजर्व का वीडियो वायरल, अब उमड़ रही देश-दुनिया की भीड़

Published: Sat, 21 Nov 2026 06:43 PM (IST)

प्रदेश का यह टाइगर रिजर्व अपनी समृद्ध जैव विविधता और बाघों की आसान साइटिंग के कारण देश-दुनिया में लोकप्रिय हो रहा है। इंटरनेट मीडिया पर स्थानीय नेचुरलिस्टों और फोटोग्राफरों द्वारा साझा किए गए वीडियो और तस्वीरों ने पर्यटन को बढ़ावा दिया है।

बीते सत्र के दौरान टाइगर रिजर्व में विचरण करते बाघ के दीदार करते पर्यटक। स्रोत: इंटरनेट मीडिया

बीते सत्र के दौरान टाइगर रिजर्व में विचरण करते बाघ के दीदार करते पर्यटक। स्रोत: इंटरनेट मीडिया

HighLights

  1. स्थानीय नेचुरलिस्टों व नामचीन वाइल्डलाइफ फोटोग्राफरों के कंटेंट ने सैलानियों को खींचा

सृजित अवस्थी, पीलीभीत। जैव विविधता से समृद्ध पीटीआर के घने जंगल आज देश-दुनिया के प्रकृति प्रेमियों को तेजी से अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। तराई के इन हरे-भरे जंगलों में बाघों की आसान साइटिंग सैलानियों के लिए मुख्य आकर्षण बनी हुई है। जंगल सफारी के रोमांच के साथ ही यहां चूका बीच पर समुद्री तट जैसा अनुभव और वाटर एडवेंचर का लुत्फ इसे देश के अन्य टाइगर रिजर्व से बिल्कुल अलग पहचान दिलाता है।

पीटीआर के इस सौंदर्य को देश-विदेश तक पहुंचाने में इंटरनेट मीडिया की भूमिका बेहद अहम रही है। यहां के बाघों के वीडियो और तस्वीरें डिजिटल प्लेटफार्म पर जमकर प्रसारित हुए हैं, जिसने पर्यटन को बड़े पैमाने पर बढ़ाया है।

पीटीआर को शुरुआती दौर में पहचान दिलाने में यहां के स्थानीय नेचर गाइडों और नेचुरलिस्टों का बड़ा योगदान रहा है। पीटीआर की शुरुआत से जुड़े नेचुरलिस्ट जीशान, मनिंदर सिंह धालीवाल, शशिकांत और रहमत समेत कई ऐसे नाम हैं, जिन्होंने यहां के वनों और वन्यजीवों की खूबसूरती को इंटरनेट मीडिया के जरिए दुनिया के खुले मंच पर रखा।

देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग इन्हीं के कंटेंट को देखकर पीटीआर खिंचे चले आए। यहां के शांत वातावरण और प्राकृतिक छटा को जिसने एक बार देखा, वह इसका मुरीद हो गया।

देश-दुनिया में मशहूर वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर सुधीर शिवराम कई बार पीटीआर की सैर कर चुके हैं। उन्होंने देशभर के फोटोग्राफरों को एकत्र कर यहां वर्कशाप आयोजित की। मौजूदा पर्यटन सत्र में उन्होंने स्थानीय गाइडों को भी प्रशिक्षण दिया।

इसके अलावा अर्पित कुब्बा, विनय एस कुमार, सुष्मिता दत्ता और एडवोकेट निखिल समेत दर्जनों फोटोग्राफरों ने कैमरे के जरिए पीटीआर की खूबसूरती को इंटरनेट पर नई पहचान दिलाई है।

बनाई अलग पहचान

तराई के बाघ अपनी भारी भरकम कद-काठी के कारण दुनियाभर के वन्यजीव प्रेमियों के बीच चर्चित हैं। इंटरनेट मीडिया पर पीटीआर की मौजूदगी और लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आज यह जिम कार्बेट, रणथंबौर तथा मध्य व पश्चिमी घाटों के प्रसिद्ध टाइगर रिजर्वों के समकक्ष अपनी अलग पहचान बना चुका है।

चूका और सप्त सरोवर का अनूठा संगम

पीटीआर की सबसे बड़ी खूबी इसके वन और वन्यजीव तो हैं ही, यहां के पर्यटन स्थल भी इसे बेहद खास बनाते हैं। यहां आने वाले सैलानी जंगल सफारी में बाघों के दीदार के साथ ही शारदा सागर डैम के किनारे स्थित चूका बीच पर समुद्री तट जैसा सुकून और वाटर एडवेंचर का आनंद ले सकते हैं।

इसके साथ ही सप्त सरोवर भी अपने शांत वातावरण और स्थानीय बंगाली समुदाय की सांस्कृतिक झलक के कारण सैलानियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।

 

बीते सत्रों में पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। इस सत्र के शुरुआती रुझान ही पीटीआर के लिए शुभ संकेत हैं। यहां आने वाले पर्यटकों को बेहतर व सुरक्षित अनुभव प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पर्यटन के साथ संरक्षण की दिशा में भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

- मनीष सिंह, डीएफओ, पीटीआर


यह भी पढ़ें- UP Tourism: पीलीभीत में 5 करोड़ से बनेगी लग्जरी 'टेंट सिटी', चूका बीच से सीधे अयोध्या और वाराणसी के लिए उड़ सकेंगे पर्यटक!

यह भी पढ़ें- पीलीभीत टाइगर रिजर्व का अनोखा कमाल: एक ही जंगल में एक साथ रहती हैं बिल्ली परिवार की 6 दुर्लभ प्रजातियां

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।