विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीलीभीत टाइगर रिजर्व का अनोखा कमाल: एक ही जंगल में एक साथ रहती हैं बिल्ली परिवार की 6 दुर्लभ प्रजातियां

Published: Tue, 17 Nov 2026 05:20 PM (IST)

पीलीभीत टाइगर रिजर्व अपनी समृद्ध जैव विविधता के लिए जाना जाता है, जहां बाघों के साथ बिल्ली परिवार की छह दुर्लभ प्रजातियां एक साथ पाई जाती हैं।

पीटीआर के वनक्षेत्र में विचरण करती फिशिंग कैट, दुर्लभ रस्टी स्पॉटेड कैट और बाघ  स्रोत: इंटरनेट मीडिया

पीटीआर के वनक्षेत्र में विचरण करती फिशिंग कैट, दुर्लभ रस्टी स्पॉटेड कैट और बाघ स्रोत: इंटरनेट मीडिया

HighLights

  1. तराई के घने जंगलों में दुनिया की सबसे बड़ी बिल्ली से लेकर सबसे छोटी बिल्ली तक का सुरक्षित बसेरा

सृजित अवस्थी, पीलीभीत। पीटीआर बाघों की बढ़ती आबादी के साथ अपनी बेहद समृद्ध जैव विविधता के लिए भी देश-दुनिया में छाप छोड़ रहा है। तराई के इन घने जंगलों में सिर्फ बाघों की ही राजसी दहाड़ नहीं गूंजती, बल्कि यह जंगल कई अत्यंत दुर्लभ वन्यजीवों का सुरक्षित बसेरा भी बन चुका है।

पर्यटकों के लिए यह किसी आश्चर्य से कम नहीं कि पीटीआर के वनक्षेत्र में बिल्ली परिवार की छह प्रजातियां एक साथ पाई जाती हैं। इन प्रजातियों में से कई बेहद दुर्लभ मानी जाती हैं, जो अन्य स्थानों पर आसानी से नहीं देखने को मिलती।

पीलीभीत टाइगर रिजर्व की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां दुनिया की सबसे बड़ी बिल्ली यानी बाघ से लेकर दुनिया की सबसे छोटी जंगली बिल्ली प्रजाति मानी जाने वाली रस्टी स्पाटेड कैट पाई जाती है।

एक ही वनक्षेत्र में बिल्ली परिवार की इतनी विविधता यहां की जैविक समृद्धि और मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र को दर्शाती है। पीटीआर का जिक्र हो और भारी-भरकम बाघों की बात न हो, ऐसा असंभव है।

बाघ को विश्व की सबसे बड़ी बिल्ली प्रजाति माना जाता है, जिसका वजन 300 किलो या उससे अधिक भी हो सकता है। एनटीसीए के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार वर्तमान में पीटीआर में 71 से अधिक बाघ मौजूद हैं।

वहीं, बाघ के बाद यदि किसी को शातिर शिकारियों की सूची में रखा जाता है, तो वह तेंदुआ है। एशियाई शेरों के बाद तेंदुआ तीसरी सबसे बड़ी बिल्ली प्रजाति है। पीटीआर में बाघों के साथ-साथ तेंदुओं का कुनबा भी तेजी से बढ़ रहा है।

पीटीआर में मौजूद हैं ये प्रजातियां

तराई के वनों में एक दशक से शोध कर रहे प्रतीक कश्यप बताते हैं कि पीलीभीत टाइगर रिजर्व में पाई जाने वाली इन छोटी व दुर्लभ बिल्लियों में जंगल कैट यानी वन बिलाव काफी आम है।

इसकी ऊंचाई 12 से 14 इंच तक होती है। ये कई बार आबादी वाले इलाकों में देखी जाती हैं। यहां पाई जाने वाली लेपर्ड कैट के शरीर की बनावट तेंदुए से मिलती है।

अक्सर लोग इसे तेंदुए का बच्चा समझ बैठते हैं, जबकि असल में यह एक वयस्क बिल्ली होती है। पीटीआर में फिशिंग कैट भी बहुतायत में पाई जाती है। यह मछली का शिकार करने में बेहद माहिर होती है।

पीटीआर में जलस्रोतों की बहुतायत होने के कारण इसकी भी साइटिंग होती है। इन सबके साथ, दुनिया की सबसे छोटी बिल्ली प्रजाति रस्टी स्पाटेड कैट भी इसी जंगल का हिस्सा है। जो अपनी बेहद छोटी काठी और शर्मीले स्वभाव के चलते बहुत कम नजर आती है। रस्टी स्पाटेड कैट को दुर्लभ प्रजातियों में गिना जाता है।

जंगल के लिए विशेष है हर प्रजाति

पीटीआर के जैविक संतुलन में इन छोटी बिल्लियों का योगदान विशेष है। ये बिल्लियां जंगल की खाद्य श्रृंखला का महत्वपूर्ण हिस्सा होती हैं। ये प्रमुख रूप से चूहों, कीड़े-मकोड़ों का शिकार करती हैं।

चूहों व अन्य कीटों की आबादी नियंत्रित रहने से जंगल की वनस्पतियां, बीज और छोटे पौधे नष्ट होने से बच जाते हैं। इसके अलावा, ये छोटी बिल्लियां बड़े मांसाहारी जीवों का भी शिकार होती हैं। जिससे पूरे जंगल का पारिस्थितिकी तंत्र संतुलित रहता है।

 

जैव विविधता के लिहाज से हमारे वन समृद्ध हैं। एक ही वनक्षेत्र में बाघ से लेकर रस्टी स्पाटेड कैट जैसी प्रजातियों का पाया जाना यहां के स्वस्थ पारिस्थितिकी तंत्र का प्रमाण है। वन्यजीवों के संरक्षण और उनके प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

- मनीष सिंह, डीएफओ, पीटीआर


यह भी पढ़ें- PTR में सैलानियों का जबरदस्त क्रेज, अगले कई दिनों तक सफारी 'हाउसफुल', लेकिन पोर्टल की इस खामी ने बढ़ाई टेंशन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।