UP Tourism: पीलीभीत में 5 करोड़ से बनेगी लग्जरी 'टेंट सिटी', चूका बीच से सीधे अयोध्या और वाराणसी के लिए उड़ सकेंगे पर्यटक!
पीलीभीत में गोमती उद्गम स्थल के पास पर्यटन विभाग पांच करोड़ रुपये की लागत से एक टेंटेज सिटी बनाएगा। इस परियोजना से ईको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा, पर्यटकों को आकर्षित करेगा।

एआई इमेज
HighLights
ईको टूरिज्म विकास के लिए पर्यटन विभाग को मिली 15 एकड़ जमीन
कमलेश शर्मा, बरेली। गोमती उद्गम स्थल के निकट ईको टूरिज्म विकसित कराने की परियोजना को शासन से मंजूरी मिल चुकी है। पर्यटकों के लिए टेंटेज सिटी बनाने के लिए पर्यटन विभाग को सिंचाई विभाग की 15 एकड़ जमीन हस्तांतरित कराई जा चुकी है। कार्यदायी संस्था का चयन कर लिया गया है। अब पर्यटन विभाग ने पांच करोड़ की डीपीआर तैयार कराई है। इसकी स्वीकृति और बजट आवंटित होने के बाद धरातल पर कार्य आरंभ होगा।
पीलीभीत जिले में कलीनगर ब्लाक क्षेत्र के पिपरिया संतोष गांव के निकट टेंटेज सिटी के लिए जगह चयनित हुई है। यहीं पर पर्यटकों के ठहरने के लिए टेंटेज सिटी और आसपास भ्रमण के लिए रमणीक स्थल बनाने के लिए पांच करोड़ की डीपीआर तैयार कराई गई है।
हरित क्षेत्र, पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण कार्य, सांस्कृतिक एवं धार्मिक परिसर का विकास कराया जाएगा। पर्यटकों के लिए सुविधा केंद्र एवं आधारभूत ढांचा तैयार कराया जाएगा। स्वजन के साथ ठहरने के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त टेंट बनाया जाएगा।
होटल के स्वरूप में बेड और बाथरूम की सुविधा रहेगी। पर्यटकों के भोजन के लिए डाइनिंग एरिया और प्राकृतिक वातावरण में बैठकर खानपान की सुविधा के लिए ओपन कैफेटेरिया विकसित किया जाएगा। भ्रमण के लिए आने वाले पर्यटकों को प्रकृति के बीच शांतिपूर्ण वातावरण और प्राकृतिक नजारे दिखाई पड़ेंगे।
टेंटेज सिटी से पर्यटकों का पीलीभीत के चूका बीच, लखीमपुर, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी और मथुरा तक हवाई यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पर्यटन विभाग ने प्रशासन से चार एकड़ और जमीन की डिमांड की है।
अभी इसके लिए जमीन तो नहीं मिल सकी है, लेकिन बताया जा रहा है कि सरकार की ओर से हर तहसील में हेलीपैड बनवाने के लिए शुरू की गई योजना के अंतर्गत यहां भी हेलीपैड बनवाने की प्रक्रिया चल रही है।
माधोटांडा स्थित गोमती उद्गम स्थल के समग्र विकास के लिए जल शक्ति मंत्रालय ने 56.88 करोड़ रुपये की परियोजना पहले ही मंजूर हो चुकी है। उद्गम स्थल का संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है।
घाटों का निर्माण एवं पाथ-वे का विकसित कराया जा रहा है। इसके साथ ही टेंटेज सिटी विकसित होने से जहां पर्यटक आकर्षित होंगे वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
प्रभारी उप परिवहन आयुक्त, जिला पर्यटन अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि टेंटेज सिटी के लिए पांच करोड़ की डीपीआर तैयार हो चुकी है, जिसे शासन को भेजा जा रहा है। उत्तर प्रदेश पर्यटन विकास निगम को कार्यदायी संस्था चयनित किया गया है। बजट आवंटित होने के बाद कार्य आरंभ होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।