पीलीभीत में बाघों की दहाड़ के बीच गूंजी विदेशी मेहमानों की चहचहाहट, शारदा सागर डैम में जुटे प्रवासी पक्षी
पीलीभीत टाइगर रिजर्व के शारदा सागर डैम में सर्दियों के आगमन के साथ ही साइबेरियाई प्रवासी पक्षियों का जमावड़ा शुरू हो गया है। यह डैम अब बाघों की दहाड़ के साथ विदेशी मेहमान पक्षियों की चहचहाहट से गुलजार हो रहा है।

कलीनगर तहसील क्षेत्र में स्थित शारदा सागर डैम में मौजूद विदेशी पक्षी। जागरण
HighLights
हजारों किलोमीटर का सफर तय कर पहुंचे रहे हैं प्रवासी पक्षी
संवाद सहयोगी, कलीनगर (पीलीभीत)। पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में बाघों की दहाड़ और वन्यजीवों की अठखेलियों के बीच अब साइबेरिया से आने वाले विदेशी मेहमान पक्षियों की चहचहाहट भी सुनाई देने लगी है। सर्दियों की दस्तक के साथ ही हजारों किलोमीटर का सफर तय कर प्रवासी पक्षियों ने शारदा सागर डैम में अपना बसेरा बना लिया है।
डैम के विस्तृत जलक्षेत्र में जगह-जगह पक्षियों के झुंड दिखाई देने लगे हैं। इनकी मौजूदगी से जहां डैम की प्राकृतिक सुंदरता में चार चांद लग गए हैं, वहीं बर्ड वाचिंग के शौकीनों और प्रकृति प्रेमियों के लिए भी यह आकर्षण का केंद्र बनने लगा है।
टाइगर रिजर्व बाघों के संरक्षण के साथ ही जैव विविधता, घने जंगलों और वन्यजीवों की विभिन्न प्रजातियों के लिए देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान रखता है। यहां आने वाले पर्यटकों को जंगल में बाघ, तेंदुआ, हिरन समेत कई वन्यजीवों के दीदार होते हैं।
वहीं, सर्दियों का मौसम शुरू होते ही टाइगर रिजर्व का प्राकृतिक नजारा और भी मनमोहक हो जाता है। खासकर शारदा सागर डैम का विशाल जलक्षेत्र प्रवासी पक्षियों की मौजूदगी से गुलजार हो उठता है।
हर वर्ष साइबेरिया और अन्य ठंडे क्षेत्रों में तापमान गिरने के साथ ही वहां रहने वाले प्रवासी पक्षी अनुकूल मौसम और भोजन की तलाश में भारतीय क्षेत्रों का रुख करते हैं। ऐसे में ये पक्षी पीलीभीत टाइगर रिजर्व के शारदा सागर डैम, शारदा नदी और अन्य जलाशयों में पहुंचते हैं।
इस बार भी बड़ी संख्या में विदेशी मेहमान पक्षियों का आगमन हो चुका है। डैम के पानी में तैरते पक्षियों के झुंड दूर से ही आकर्षित कर रहे हैं। आने वाले दिनों में इनकी संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
बाघों और अन्य वन्यजीवों के दीदार के लिए पीलीभीत टाइगर रिजर्व पहुंचने वाले पर्यटकों को अब पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों को देखने का भी अवसर मिलेगा। इससे क्षेत्र में बर्ड वाचिंग की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
सर्दियों के मौसम में शारदा सागर डैम प्रकृति प्रेमियों के लिए खास आकर्षण बन जाता है। मौसम अनुकूल होने तक ये प्रवासी पक्षी यहां प्रवास करेंगे और सर्दियां समाप्त होने पर अपने मूल आवास की ओर लौट जाएंगे।
शिकारियों से सुरक्षा की चुनौती
विदेशी मेहमान पक्षियों की आमद के साथ ही इनके अवैध शिकार की आशंका भी बढ़ जाती है। हर वर्ष कुछ शिकारी इन बेजुबान मेहमानों को निशाना बनाने की फिराक में रहते हैं।
पूर्व में वन विभाग, पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त कार्रवाई में शिकारियों के खिलाफ अभियान चलाकर पकड़ भी की जाती रही है। ऐसे में इस बार भी पक्षियों की आमद के बाद उनकी सुरक्षा वन विभाग और पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होगी।
शारदा सागर डैम और आसपास के जलक्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ शिकारियों पर प्रभावी अंकुश लगाना जरूरी है, ताकि हजारों किलोमीटर का सफर तय कर यहां पहुंचने वाले इन विदेशी मेहमानों का प्रवास सुरक्षित रह सके।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत टाइगर रिजर्व का अनोखा कमाल: एक ही जंगल में एक साथ रहती हैं बिल्ली परिवार की 6 दुर्लभ प्रजातियां
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।