विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Pilibhit Tiger Reserve: नए अवतार में स्वागत को तैयार PTR, चूका बीच की हटों से लेकर थीम तक सब बदला

Published: Sun, 01 Nov 2026 04:43 PM (IST)

पीलीभीत टाइगर रिजर्व नए पर्यटन सत्र के लिए पूरी तरह तैयार है, जिसमें चूका हटों और मुस्तफाबाद परिसर को नया ...और पढ़ें

पीटीआर के सफारी रूट पर विचरण करता बाघ और पीले रंग में रंगा मुस्तफाबाद रेस्ट हाउस स्रोत: विभाग

पीटीआर के सफारी रूट पर विचरण करता बाघ और पीले रंग में रंगा मुस्तफाबाद रेस्ट हाउस स्रोत: विभाग

HighLights

  1. चूका की हटों से लेकर मुस्तफाबाद परिसर तक को दिया गया नया लुक, सुविधाएं भी बढ़ीं

जागरण संवाददाता, पीलीभीत। ज्वेल आफ तराई के नाम से मशहूर पीलीभीत टाइगर रिजर्व के द्वार रविवार से पर्यटकों के लिए खुल रहे हैं। नया पर्यटन सत्र शुरू होने को लेकर वन विभाग के अधिकारियों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। पर्यटकों को लुभाने के लिए इस बार चूका स्थित हटों से लेकर मुस्तफाबाद परिसर तक को नए कलेवर में तैयार किया गया है।

सभी मुख्य स्थानों पर सुविधाओं को भी पहले से अधिक विस्तार दिया है, ताकि पर्यटकों को विश्वस्तरीय अहसास हो सके। आज दोपहर 12 बजे वनमंत्री पूजन के बाद सत्र का उद्घाटन करेंगे।

पर्यटकों के रोमांच और सुविधा को ध्यान में रखते हुए चूका बीच पर बांस से बनी हटों को अब अधिक सुरक्षित और आरामदायक बनाने के लिहाज से फैब्रिकेटेड कर दिया गया है।

इसके साथ ही, सफारी के प्रमुख केंद्र मुस्तफाबाद परिसर को पीलीभीत की विशेष पीली थीम पर नए सिरे से रंगा गया है, जो इसकी सुंदरता में चार चांद लगा रहा है। इस बार नए पर्यटन सत्र का उद्घाटन मुस्तफाबाद परिसर में ही किया जाएगा।

दोपहर 12 बजे हवन-पूजन और पूरे विधि-विधान से सत्र का शुभारंभ होगा। उद्घाटन समारोह में प्रदेश के वन मंत्री डाॅ. अरुण कुमार सक्सेना मुख्य अतिथि होंगे।

उनके साथ ही वन बल प्रमुख सुनील चौधरी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) अनुराधा वेमुरी व प्रोजेक्ट टाइगर के एपीसीसीएफ रामकुमार भी कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।

क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों में पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, पूरनपुर नगर पालिका चेयरमैन शैलेंद्र गुप्ता और पीलीभीत नगर पालिका चेयरपर्सन डाॅ. आस्था अग्रवाल समेत तमाम अतिथि शामिल रहेंगे।

सत्र के उद्घाटन के बाद पहले दिन स्कूली बच्चों, स्थानीय ग्रामीण व मौके पर पहुंचे पर्यटकों को जंगल की निश्शुल्क सफारी कराई जाएगी। इसके साथ ही अतिथियों व पर्यटकों को चूका बीच की सैर भी कराई जाएगी। वन विभाग के अनुसार, सोमवार से एडवांस व काउंटर बुकिंग वाले पर्यटक नियमित रूप से सफारी का लुत्फ ले सकेंगे।

शार्ट फिल्म का होगा लोकार्पण

पर्यटन सत्र के उद्घाटन समारोह में पीलीभीत टाइगर रिजर्व की ईको विकास समितियों (ईडीसी) पर आधारित एक विशेष शार्ट फिल्म का भी लोकार्पण किया जाएगा। यह फिल्म वन्यजीव संरक्षण, जंगल की सुरक्षा और पर्यटन विकास में ईडीसी से जुड़े ग्रामीणों की सकारात्मक भूमिका को दर्शाती है।

फिल्म के माध्यम से अतिथियों व पर्यटकों को बताया जाएगा कि किस प्रकार स्थानीय ग्रामीण जंगल और वन्यजीवों के संरक्षण में वन विभाग के साथ कदम से कदम मिलाकर अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। इस बारे में डीएफओ पीटीआर मनीष सिंह ने बताया कि रविवार से विधिवत सत्र का उद्घाटन किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत टाइगर रिजर्व के 3 गेट और उनकी अनोखी कहानी: जानिए किस रास्ते से दिखेगा बाघ और कौन सा गेट आपके लिए है बेस्ट

यह भी पढ़ें- पीलीभीत टाइगर रिजर्व: बारिश से रास्तों में दलदल, महोफ गेट से सफारी के लिए पर्यटकों को करना होगा इंतजार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।