विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीलीभीत टाइगर रिजर्व: बारिश से रास्तों में दलदल, महोफ गेट से सफारी के लिए पर्यटकों को करना होगा इंतजार

Published: Sun, 01 Nov 2026 03:34 PM (IST)

पीलीभीत टाइगर रिजर्व में भारी बारिश के कारण महोफ गेट से सफारी का संचालन फिलहाल टाल दिया गया है। जंगल ...और पढ़ें

पीटीआर की महोफ रेंज स्थित सिग्नेचर गेट। जागरण आर्काइव

पीटीआर की महोफ रेंज स्थित सिग्नेचर गेट। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. रास्तों पर कीचड़ होने के कारण वन विभाग के लिए सफारी का संचालन करना मुश्किल

जागरण संवाददाता, पीलीभीत। पीटीआर का नया पर्यटन सत्र भले ही शुरू हो गया है, लेकिन महोफ गेट से सफारी की योजना बना रहे पर्यटकों को अभी कुछ दिन और इंतजार करना होगा। बीते दिनों हुई भारी बारिश औ शुक्रवार शाम को अचानक हुई बरसात ने जंगल के रास्तों को दलदल में तब्दील कर दिया है।

बारिश का पानी अभी भी जंगल के कई हिस्सों से पूरी तरह निकल नहीं सका है। जिसका सीधा असर पर्यटन सत्र की तैयारियों और सफारी संचालन पर पड़ा है। पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अभी इस गेट से पर्यटन नहीं शुरु करने का निर्णय लिया गया है।

पीटीआर का जोन एक भौगोलिक स्थिति के कारण बारिश से सबसे अधिक प्रभावित होता है। पानी का जमाव और रास्तों पर जमा कीचड़ सफारी वाहनों के सुरक्षित संचालन में बड़ी बाधा है।

विभाग पहले से ही एक नवंबर से महोफ गेट से सफारी शुरू करने की स्थिति में नहीं था, क्योंकि रास्तों को सुखाने और दुरुस्त करने का काम चल रहा था। इसी बीच शुक्रवार की बारिश ने वन विभाग की मुसीबत और बढ़ा दी है।

शहर से सबसे नजदीक होने के कारण महोफ गेट पर्यटकों के लिए काफी सुविधाजनक माना जाता है। लेकिन, वर्तमान हालात में यहां से सफारी शुरू करना काफी जोखिम भरा है।

ऐसे में जो पर्यटक महोफ रेंज के खूबसूरत रास्तों पर सफारी का आनंद लेने की योजना बना रहे हैं, उन्हें अभी और इंतजार करना पड़ेगा। जब तक रास्ते पूरी तरह सूख नहीं जाते और सुरक्षित नहीं हो जाते, इस गेट से सफारी संचालन शुरू नहीं किया जाएगा।

महोफ रेंज में हाथियों की चहलकदमी

बीते दिनों पीटीआर में दाखिल हुआ छह हाथियों का झुंड अब तीन-तीन के दो हिस्सों में बंट गया है। इनमें से तीन हाथी हरिपुर के रास्ते किशनपुर निकल गए, जबकि बाकी तीन हाथी महोफ रेंज से होते हुए उत्तराखंड की सुरई रेंज में दाखिल हो गए हैं।

हालांकि, ये तीन हाथी अभी भी लगातार महोफ रेंज की सीमा में विचरण कर रहे हैं। इसे देखते हुए वन विभाग ने पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर सतर्कता बढ़ा दी है। वन कर्मियों को लगातार गश्त व निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

 

बारिश के कारण जोन एक के कुछ रास्ते अभी पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो सके हैं। पर्यटकों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। ऐसे में अभी महोफ गेट से सफारी संचालन को शुरु नहीं किया जा रहा। जल्द ही रास्तों को दुरुस्त कर संचालन कराया जाएगा।

- मनीष सिंह, डीएफओ, पीटीआर


यह भी पढ़ें- पीलीभीत जेल में कैदी की मौत पर एक्शन: मानवाधिकार आयोग ने DM से मांगी रिपोर्ट, CCTV सुरक्षित रखने के निर्देश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।