पीलीभीत: शारदा सागर डैम किनारे बेसहारा पशुओं के लालच में जंगल से बाहर आ रहे बाघ, हमले और संक्रमण का खतरा बढ़ा
पीलीभीत में शारदा सागर डैम किनारे बेसहारा पशुओं के लालच में बाघ जंगल से बाहर आ रहे हैं, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष और संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। वन विभाग को इस समस्या पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है।

जंगल के पास शारदा सागर डैम किनारे मौजूद बेसहारा पशुओं का झुंड। जागरण
HighLights
जंगल से बाहर निकलकर पशुओं की तलाश में पहुंच रहे बाघ, मानव-वन्यजीव संघर्ष और संक्रमण का खतरा बढ़ा
संवाद सहयोगी, कलीनगर (पीलीभीत)। पीलीभीत टाइगर रिजर्व का वन क्षेत्र काफी विस्तृत है। जंगल की सीमा से सटे कई गांवों की आबादी बसी हुई है। जंगल और आबादी के बीच बढ़ती गतिविधियां अब वन्यजीवों के साथ-साथ ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए भी चुनौती बनती जा रही हैं।
शारदा सागर डैम की तलहटी में बसे गांवों में घूमने वाले बेसहारा पशुओं को ग्रामीण फसलों के नुकसान से बचने के लिए गांवों से खदेड़ रहे हैं। ऐसे में पशुओं के झुंड शारदा सागर डैम के किनारे और जंगल की सीमा पर पहुंचकर ठहर रहे हैं।
इनमें से कई पशु जंगल के अंदर तक प्रवेश कर रहे हैं। इससे बाघों को आसान शिकार मिल रहा है। जंगल के किनारे और डैम के आसपास प्रतिदिन बेसहारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है।
शिकार की तलाश में जंगल से बाहर निकलने वाले बाघ इन पशुओं को निशाना बना रहे हैं। कुछ दिन पहले चूका हेड के पास डैम किनारे एक बाघ ने पशुओं के झुंड में शामिल बछड़े का शिकार कर लिया था।
इस घटना के बाद भी पशुओं का जंगल के आसपास पहुंचना बंद नहीं हुआ है। पशुओं की मौजूदगी के चलते बाघ लगातार जंगल से बाहर तक आ रहे हैं।
ऐसे में आसपास से गुजरने वाले ग्रामीणों और राहगीरों पर भी बाघ के हमले का खतरा बना हुआ है। बेसहारा पशुओं का जंगल में प्रवेश वन्यजीवों के स्वास्थ्य के लिहाज से भी चिंताजनक है।
इन पशुओं में कई तरह की संक्रामक बीमारियां हो सकती हैं। यदि बाघ संक्रमित पशुओं का शिकार करते हैं तो उनमें भी संक्रमण फैलने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
इससे बाघों के स्वास्थ्य और वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। शारदा सागर डैम के किनारे से प्रतिदिन हजारों राहगीर गुजरते हैं। सड़क के आसपास बेसहारा पशुओं के झुंड खड़े रहने से सड़क हादसों का खतरा भी बना रहता है।
अचानक पशुओं के सड़क पर आ जाने से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। इसके बावजूद पशुओं को जंगल और डैम किनारे पहुंचने से रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
ग्रामीण फसलों को बचाने के लिए पशुओं को गांवों से बाहर कर रहे हैं, लेकिन इससे समस्या का समाधान होने के बजाय खतरा जंगल की सीमा तक पहुंच रहा है।
वन विभाग और संबंधित जिम्मेदार विभागों को इस ओर ध्यान देने की जरूरत है, ताकि बेसहारा पशुओं को जंगल में प्रवेश करने से रोका जा सके और बाघों के साथ मानव जीवन की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत टाइगर रिजर्व में रोमांच चरम पर, बाघिनों के साथ खेलते दिखे शावकों ने जीता सैलानियों का दिल
यह भी पढ़ें- जाम से मिलेगी निजात, पीलीभीत रोड से नैनीताल रोड तक बनेगा नया संपर्क मार्ग; 45 किमी नई सड़कों का प्रस्ताव
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।