यात्रियों की बल्ले-बल्ले: एसी वेटिंग रूम से लेकर खानपान तक, एयरपोर्ट जैसा होगा पीलीभीत का 15.30 करोड़ से बना नया बस स्टेशन
पीलीभीत में 15.30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक बस अड्डे का भूमि पूजन हुआ, जो एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं से लैस होगा। यह परियोजना यात्रियों को वातानुकूलित प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय और खानपान जैसी आधुनिक सुविधाएं प्रदान करेगी।

एआई इमेज
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। अब बस अड्डे पर भी यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगेगी। लंबे समय से अटकी बस अड्डे की परियोजना को बुधवार को जमीन पर उतारने की दिशा में कदम बढ़ाया गया।
गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने शहर से सटे गांव दियूनी केसरपुर में 15.30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक बस अड्डे का विधि-विधान से भूमि पूजन किया।
इसके साथ ही जिले की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप देने की बहुप्रतीक्षित योजना आगे बढ़ गई। प्रस्तावित बस स्टेशन को दो मंजिल बनाया जाएगा। जो एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।
यहां यात्रियों के लिए वातानुकूलित प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय और खानपान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा यात्रियों की सहूलियत के लिए अन्य आधुनिक व्यवस्थाएं भी विकसित होंगी।
बसों के आवागमन और यात्रियों के चढ़ने-उतरने के लिए व्यवस्थित इंतजाम किए जाएंगे। इससे यात्रियों को बसों का इंतजार करने में होने वाली असुविधा से राहत मिलने की उम्मीद है।
कचहरी से सटे गांव दियूनी केसरपुर में 1.317 हेक्टेयर भूमि पर बस अड्डे का निर्माण प्रस्तावित है। परियोजना को शासन से मंजूरी मिलने के बाद भी लंबे समय तक निर्माण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी थी।
जमीन का अधिग्रहण पूरा होने और उसे परिवहन निगम को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया के बाद अब निर्माण का रास्ता साफ हुआ है। कार्यदायी संस्था भी नामित कर दी गई है।
हाल ही में एआरएम विपुल पाराशरी ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर निर्माण के लेआउट और डिजाइन का जायजा लिया था। शासन से दिशा-निर्देश मिलने के बाद निर्माण एजेंसी ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं।
नया बस अड्डा बनने से पीलीभीत डिपो की बसों का संचालन अधिक व्यवस्थित हो सकेगा। यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलने के साथ ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: शारदा सागर डैम किनारे बेसहारा पशुओं के लालच में जंगल से बाहर आ रहे बाघ, हमले और संक्रमण का खतरा बढ़ा
यह भी पढ़ें- जाम से मिलेगी निजात, पीलीभीत रोड से नैनीताल रोड तक बनेगा नया संपर्क मार्ग; 45 किमी नई सड़कों का प्रस्ताव