ध्रुव कालोनी के आधे गांव को कटान का खतरा, भय से पलायन को मजबूर हुए लोग
पूरनपुर के ध्रुव कालोनी में शारदा नदी के कटाव से आधा गांव पलायन कर गया है। ग्रामीणों ने बचाव कार्य न होने पर धरना प्रदर्शन किया। राजस्व और बाढ़ खंड की टीम ने सर्वेक्षण कर बचाव का आश्वासन दिया है। नदी की धारा आबादी के करीब आने से दहशत है और लोग सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं। ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग की है।

संवाद सहयोगी, पूरनपुर। शारदा नदी के कटान करने से आधा गांव के ग्रामीण पलायन कर गए हैं। बचे हुए ग्रामीण भी सामान लेकर सुरक्षित स्थान पर जा रहे हैं। कटान के विरोध में ग्रामीणों ने गांव में सामूहिक रूप से धरना प्रदर्शन कर कड़ा विरोध जताया। राजस्व और बाढ़ खंड के टीम गांव पहुंची। कटान का सर्वे और बचाव कराने का आश्वासन दिया है।
पहाड़ी और मैदानी इलाकों में बारिश के बाद बनबसा बैराज से छोड़े गए पानी ने ट्रांस शारदा क्षेत्र में जमकर तबाही मचाई है। बीते दो सप्ताह से नदी खिरकिया बरगदिया के मझरा ध्रुव कालोनी निवासी करीब 40 किसानों की भूमि का कटान कर चुकी है। नदी की धारा आबादी से महज 20 मीटर की दूरी पर बह रही है।
ध्रुव कालोनी की आबादी में खलबली मची
शारदा के कटान से ध्रुव कालोनी की आबादी में खलबली मची हुई है। कटान के डर से ग्रामीणों ने गृहस्थी के सामान को समेट कर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेना शुरू कर दिया हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कटान प्रभावित क्षेत्र में बाढ़ खंड की ओर से बचाव कार्य नहीं कराए जा रहे हैं। रविवार ध्रुव कालोनी में एकत्र हुए ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन किया। उनकी मांग है कि उन्हें जमीन का मुआवजा दिलाकर सुरक्षित स्थानों पर बसाया जाए।
बाढ़ खंड और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता की। बाढ़ खंड के अधिकारियों का कहना है कि नदी की धार और आबादी के बीच नाला है। नाला को पार कर बाढ़ बचाव सामग्री पहुंचाना संभव नहीं है। पानी का बहाव अधिक होने के कारण वर्तमान समय में बाढ़ बचाव कार्य नहीं हो पा रहे हैं। कटान प्रभावित क्षेत्र का सर्वे कराकर बचाव कार्य कराने का आश्वासन दिया गया।
राजस्व टीम ने भी ग्रामीणों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। धरना प्रदर्शन में हरिशंकर, झींगुर, बृजेश प्रसाद, धर्मेन्द्र, कुंवर शर्मा, सिकंदर, रंजीत सिंह, मनोज शर्मा, नंद कुमार, कमलेश कुमार, विनोद आदि ग्रामीण मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।