YEIDA बोर्ड बैठक के बड़े फैसले, 7071 करोड़ पहुंची आय; निजी बिजनेस पार्क योजना को हरी झंडी
यीडा की 94वीं बोर्ड बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए, जिसमें प्राधिकरण की आय में लगभग चार गुना वृद्धि और किसानों व आवासीय आवंटियों को राहत शामिल है।

YEIDA की 94वीं बोर्ड बैठक की तस्वीर। जागरण
HighLights
यीडा की आय में चार गुना वृद्धि दर्ज की गई।
आवासीय आवंटियों को भवन निर्माण समय सीमा में राहत मिली।
निवेश प्रोत्साहन और पर्यावरण प्रबंधन पर महत्वपूर्ण निर्णय।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की 94वीं बोर्ड बैठक बृहस्पतिवार को संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त व यीडा अध्यक्ष आलोक कुमार ने की।
बैठक में मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने एजेंडा प्रस्तुत किया, जिस पर बोर्ड ने विकास, निवेश, किसानों और पर्यावरण से जुड़े कई बड़े फैसले लिए। बैठक में वित्तीय प्रगति का ब्योरा पेश किया गया।
बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 30 अक्टूबर 2025 तक प्राधिकरण की कुल प्राप्तियां 1746.38 करोड़ रुपये थीं, जबकि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 30 अक्टूबर 2026 तक यह बढ़कर 7071.48 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 4 गुना अधिक है।
जेवर एयरपोर्ट परियोजना पर करोड़ों का भुगतान
इस वित्तीय वर्ष में भूमि अधिग्रहण के लिए प्रावधानित 8000 करोड़ रुपये में से 4985.47 करोड़ रुपये भूमि क्रय और अधिग्रहण पर खर्च किए गए, जो बजट का 62.32 प्रतिशत है। जेवर एयरपोर्ट परियोजना के भूमि अधिग्रहण पर 565.15 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। निर्माण और विकास कार्यों में 383 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जबकि विशेष परियोजनाओं के लिए एनएचएआइ को 555.38 करोड़ रुपये भेजे गए।
बोर्ड ने कार्पस फंड की धनराशि खर्च करने के लिए विनियमावली तैयार करने को मंजूरी दी। इसमें वन टाइम लीज रेंट, ट्रांसफर चार्ज, रेस्टोरेशन चार्ज, एक्सटेंशन चार्ज, प्लान प्रोसेसिंग फीस, लेट पेमेंट पेनल्टी, कंप्लीशन फीस, वाटर-सिवर कनेक्शन चार्ज और मार्गेज परमिशन फीस आदि शामिल किए गए हैं। इससे फंड के उपयोग में पारदर्शिता आएगी।
निवेश को बढ़ावा देने के लिए यीडा ने उत्तर प्रदेश निजी बिजनेस पार्क विकास योजना-2025 को अंगीकृत किया है। बोर्ड की सैद्धांतिक स्वीकृति के बाद अब इसके लिए सेक्टर चिन्हित करने, भूखंड नियोजित करने और ब्रोशर तैयार करने की कार्रवाई की जाएगी।
निवेशक सारथी पोर्टल
इन्वेस्ट यूपी से मिल रहे लैंड फैसिलिटेशन लेटर और निवेशक सारथी पोर्टल पर आ रहे निवेश को देखते हुए सेक्टर 4ए व 5 में औद्योगिक भूखंडों के लिए किसानों से आपसी सहमति के आधार पर भूमि क्रय करने का निर्णय लिया गया। इससे निवेशकों को जल्द भूमि उपलब्ध हो सकेगी। आवासीय आवंटियों को बड़ी राहत देते हुए भवन निर्माण की निश्शुल्क समय सीमा को 31 दिसंबर 2026 से बढ़ाकर 31 दिसंबर 2027 कर दिया गया।
बताया गया कि कई सेक्टरों में किसानों के वाद और न्यायालयों के स्थगन आदेश के कारण रोड, सिविल व इलेक्ट्रिकल जैसे आधारभूत कार्य पूरे नहीं हो पाए हैं, इसलिए यह राहत दी गई। बोर्ड के समक्ष यीडा के सर्विस मास्टर प्लान 2041 का प्रस्तुतीकरण किया गया, जिसमें जलापूर्ति और सीवरेज मास्टर प्लान शामिल है।
ग्राम जिकरपुर से टप्पल कट तक यमुना एक्सप्रेसवे के साथ क्षतिग्रस्त हालेज रोड की मरम्मत का भी निर्णय लिया गया। यह जिकरपुर का एकमात्र पहुंच मार्ग है जो गांव को अलीगढ़-पलवल राजमार्ग से जोड़ता है। इसकी अनुमानित लागत 665.64 लाख रुपये है।
पर्यावरण और विमान सुरक्षाू
पर्यावरण और विमान सुरक्षा को देखते हुए ड्राफ्ट गजट नोटिफिकेशन यीडा वेस्ट मैनेजमेंट (रेगुलेशन एंड कंट्रोल) बायलाज 2026 को स्वीकृति दी गई। इससे क्षेत्र में कचरा प्रबंधन बेहतर होगा और एनजीटी, डीजीसीए व एयरपोर्ट अथॉरिटी के नियमों का पालन सुनिश्चित होगा।
इसके साथ ही पर्यावरण सुधार और ऊर्जा बचत के लिए रिस्को पद्धति पर रूफ टाप सोलर प्लांट लगाने का प्रस्ताव अनुमोदित हुआ। यह काम नेडा द्वारा अनुमोदित संस्था के माध्यम से पीपीए के तहत होगा।
आगरा अर्बन सेंटर की महायोजना 2041 के ड्राफ्ट प्रतिवेदन और भू-उपयोग मानचित्र को बोर्ड ने अनुमोदित किया। इसे अब शासन के अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा। साथ ही शासनादेश 12 अक्टूबर 2026 द्वारा जारी माडल भवन विनियम 2026 को भी अंगीकृत किया गया।
किसानों को लेकर बोर्ड को बताया गया कि अब तक कुल 14281 किसानों को 7 प्रतिशत आबादी भूखंड देने के लिए प्रकाशन किए जा चुके हैं। इनमें से 11229 किसानों को आरक्षण पत्र जारी कर 5147 भूखंड विभिन्न सेक्टरों में नियोजित किए जा चुके हैं। इसके अलावा 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त प्रतिकर (नो लिटिगेशन इंसेंटिव) के मद में लगभग 3183.13 करोड़ रुपये का भुगतान किसानों को किया जा चुका है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।