विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रेटर नोएडा कांड: महेश की दो बहनें और बहनोई गिरफ्तार, मोबाइल में मिली ऑडियो रिकॉर्डिंग से खुला राज

Published: Sun, 18 Oct 2026 01:24 PM (IST)

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा में एक परिवार के पांच सदस्यों की मौत के मामले में पुलिस ने महेश की दो बहनों और बहनोई को गिरफ्तार किया है।

ग्रेटर नोएडा में पांच मौतों के मामले में दो महिला समेत तीन गिरफ्तार। जागरण

ग्रेटर नोएडा में पांच मौतों के मामले में दो महिला समेत तीन गिरफ्तार। जागरण

HighLights

  1. परिवार के पांच सदस्यों की मौत का मामला।

  2. महेश की दो बहनें और बहनोई गिरफ्तार।

  3. संपत्ति विवाद और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप।

जागरण संवाददाता, जेवर (ग्रेटर नोएडा)। ग्रेटर नोएडा में रबूपुरा क्षेत्र के नगला श्रीपदम गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत के मामले में पुलिस ने महेश की बड़ी बहन, बहनोई और छोटी बहन को गिरफ्तार किया है।

मृतक महेश के मोबाइल फोन में मिली ऑडियो रिकॉर्डिंग में उसने अपनी बड़ी बहन सुनीता, बहनोई शेखर और छोटी बहन सपना को घटना के लिए जिम्मेदार बताया था।

पुलिस ने मृतका ललिता के भाई की तहरीर पर तीनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि शनिवार को रबूपुरा के नगला श्रीपदम गांव में महेश (37 वर्ष), उसकी पत्नी ललिता (35 वर्ष) और तीन बच्चों लड्डू उर्फ साक्षात (11 वर्ष), मिष्टी (7 वर्ष) व रियांश (3 वर्ष) के घर में मृत मिलने की सूचना मिली थी।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, परिवार के सभी सदस्य शुक्रवार की रात बाहर से घर लौटे थे। खाना खाने के बाद सो गए और सोमवार को सभी के शव कमरे में बिस्तर पर पड़े।

पुलिस ने इस मामले में मृतका के भाई की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 में मुकदमा दर्ज करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेखर उर्फ चंद्रशेखर (50 वर्ष), उसकी पत्नी सुनीता (45 वर्ष), निवासी शालीमार गांव, दिल्ली और सपना (32 वर्ष), निवासी खेड़ा कला, दिल्ली के रूप में हुई है।

पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है। मौत की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। विसरा जांच की रिपोर्ट और विवेचना के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

मकान को लेकर चल रहा था विवाद

पुलिस को आस-पड़ोस के लोगों और रिश्तेदारों से मिली जानकारी के अनुसार, महेश अपनी मां चंद्रवती के साथ जिस मकान में रहता था, उसे उसकी बड़ी बहन सुनीता ने कथित रूप से मां से अपने नाम करा लिया था। इसकी जानकारी मिलने के बाद से महेश परेशान रहने लगा था।

पोस्टमॉर्टम की वीडियोग्राफी, विसरा सुरक्षित

घटना की जांच के लिए मौके पर एफएसएल और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम बुलाई गई थी। पांचों शवों का चिकित्सकों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई। चिकित्सकों ने सभी शवों के विसरा सुरक्षित किए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में कोई बाहरी व्यक्ति घर के अंदर आता दिखाई नहीं दिया।

यह भी पढ़ें- मौत की दहलीज तक कैसे पहुंचा परिवार, आशियाना छीनने से आहत था महेश; ग्रेटर नोएडा की 5 मौतों का जिम्मेदार कौन?

यह भी पढ़ें- गृह क्लेश से उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार, एक साथ 5 मौतें; ग्रेटर नोएडा कांड की Inside Story