नोएडा: लोटस स्पेसिया की 18वीं मंजिल से कूदकर महिला ने दी जान, पति बोले- डिप्रेशन की थी शिकार
नोएडा के सेक्टर 100 स्थित लोटस स्पेसिया सोसायटी में 32 वर्षीय पारुल अग्रवाल ने 18वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ...और पढ़ें

मृतका पारुल अग्रवाल अपने पति पल्लव अग्रवाल और बेटी के साथ लोटस स्पेसिया सोसायटी के 1803 फ्लैट में किराए पर रह रही थीं। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
नोएडा लोटस स्पेसिया में महिला ने 18वीं मंजिल से कूदकर दी जान।
मृतका पारुल अग्रवाल डिप्रेशन से पीड़ित थीं, पति ने बताया।
पुलिस ने शव कब्जे में लिया, मामले की जांच जारी।
जागरण संवाददाता, नोएडा। सेक्टर 100 स्थित लोटस स्पेसिया सोसायटी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 32वें टावर की 18वीं मंजिल से एक महिला ने कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान पारुल अग्रवाल (उम्र करीब 32 वर्ष) के रूप में हुई है।
फ्लैट की बालकनी से छलांग लगा दी
पारुल अग्रवाल अपने पति पल्लव अग्रवाल और बेटी के साथ लोटस स्पेसिया सोसायटी के 1803 फ्लैट में किराए पर रह रही थीं। पल्लव अग्रवाल एक स्टॉक ब्रोकर हैं और शेयर बाजार से जुड़े काम करते हैं। मंगलवार सुबह करीब 9:15 बजे जब पल्लव अग्रवाल अपनी बेटी के साथ बाहर गए हुए थे, उसी दौरान पारुल अग्रवाल ने फ्लैट की बालकनी से छलांग लगा दी। वह सीधे नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मानसिक तनाव और अवसाद की थी शिकार
सोसायटी के गार्ड ने तुरंत इसकी सूचना पल्लव अग्रवाल और सेक्टर-39 थाने की पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है और मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
थाना प्रभारी डीपी शुक्ल ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में पल्लव अग्रवाल ने बताया कि उनकी पत्नी काफी दिनों से मानसिक तनाव और अवसाद की शिकार थीं। पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। अभी तक परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारण और अन्य जानकारियां सामने आ सकेंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।