नोएडा के स्कूलों में अब बच्चों को पढ़ाया जाएगा खुद की सुरक्षा का पाठ, एकेडमिक कैलेंडर में किया गया शामिल
परिषदीय स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों को अब व्यक्तिगत सुरक्षा, गुड टच-बैड टच और असहज परिस्थितियों से बचाव के बारे में जागरूक किया जाएगा।
-1782786619066_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर। सौजन्य- AI Generated
HighLights
गुड टच-बैड टच की पहचान और निजी अंगों की सुरक्षा।
असहज स्थिति में 'न' कहना और तुरंत वहां से हटना।
भरोसेमंद व्यक्ति से मदद मांगने और शिकायत का अधिकार।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। परिषदीय स्कूलों के बच्चों को बदलते समय को ध्यान में रखते हुए खुद की सुरक्षा का पाठ पढ़ाया जाएगा। इसके लिए बेसिक शिक्षा परिषद ने सरकारी स्कूलों में एक नई पहल शुरू की है।
90 हजार छात्र-छात्राओं को मिलेगा लाभ
पहल के तहत अब कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों को उनकी उम्र के अनुसार व्यक्तिगत सुरक्षा, गुड टच-बैड टच और असहज परिस्थितियों से बचाव के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसका लाभ जिले के 511 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के करीब 90 हजार छात्र-छात्राओं को मिलेगा।
बता दें कि शैक्षणिक कैलेंडर में पहली बार इस विषय को शामिल किया गया है। इसके तहत शिक्षक बच्चों को सरल और संवेदनशील तरीके से बताएंगे कि सही और गलत स्पर्श में क्या अंतर होता है, निजी अंगों की सुरक्षा क्यों जरूरी है और किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में कैसे प्रतिक्रिया देनी चाहिए।
बीएसए राहुल पंवार ने बताया कि बच्चों में डर पैदा करना इस पहल का उद्देश्य नहीं है। इसका मकसद उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना और यह भरोसा दिलाना है कि किसी भी गलत घटना की जानकारी वे बिना झिझक अपने अभिभावकों, शिक्षकों या किसी भरोसेमंद व्यक्ति को दें।
बच्चों को शिकायत करने के अधिकार और कानूनी संरक्षण की भी जानकारी दी जाएगी। शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस विषय को पूरी संवेदनशीलता के साथ पढ़ाएं, ताकि बच्चों पर किसी तरह का मानसिक दबाव न पड़े। शिक्षा विभाग का मानना है कि शुरुआती उम्र से ही सुरक्षा संबंधी जानकारी बच्चों को आत्मविश्वासी और सतर्क बनाने में मदद करेगी।
बच्चों को क्या-क्या सिखाया जाएगा?
- गुड टच और बैड टच की पहचान
- असहज स्थिति में न कहना और वहां से हट जाना
- निजी अंगों और व्यक्तिगत सीमाओं की समझ
- हेल्पलाइन और अन्य सहायता सेवाओं की जानकारी
- भरोसेमंद व्यक्ति से तुरंत मदद मांगना
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।