विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रेटर नोएडा में विकास के लिए प्राधिकरण देगा 25.84 करोड़ का बूस्टर डोज, बिजली समेत 24 कार्यों की लिस्ट तैयार 

Published: Tue, 30 Jun 2026 08:47 AM (IST)

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में 24 विकास कार्यों के लिए 25.84 करोड़ रुपये की लागत से परियोजनाओं की सूची तैयार की है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने 24 विकास कार्यों की सूची बनाई

  2. इन परियोजनाओं पर कुल 25.84 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

  3. सिविल, बिजली, उद्यान समेत गांव-शहर के कार्य शामिल।

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने कमर कस ली है। प्राधिकरण ने करीब 25.84 करोड़ रुपये की लागत से 24 बड़ी विकास परियोजनाओं की सूची तैयार की है।

इन सभी कार्यों के लिए ई-निविदा आमंत्रित कर दी गई है। जीएम प्रोजेक्ट एके सिंह का कहना है कि अगले माह निविदा खोली जाएगी। इसके बाद जल्द ही धरातल पर काम शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

प्रमुख कार्य और बजट

प्राधिकरण सेक्टर फाई-3 में बाउंड्रीवाल की मरम्मत और फेंसिंग के काम पर 33.99 लाख खर्च करेगा। तिलपता करनवास से श्योराजपुर गांव तक नहर सफाई के लिए 44.02 लाख रुपये मंजूर किया गया हैं। ग्राम चमरावली व बोडाकी में बारात घर और खेल मैदान के के कायाकल्प पर 45.10 लाख रुपये खर्च होंगे। अमीनाबाद उर्फ नियाना में इंटरलाकिंग टाइल्स और ड्रेन का काम 51.59 लाख रुपये से पूरा किया जाएगा।

वहीं, बागपुर गांव में आरसीसी नाली निर्माण के लिए 66.90 लाख रुपये का बजट रखा गया हैं। सेक्टर बीटा-एक व 2 में वन विभाग पार्क की चारदीवारी की सिविल अनुरक्षण कार्य पर 90.20 लाख रुपये खर्च होंगे। रोशनपुर गांव में इंटरलाकिंग टाइल्स और नाली निर्माण पर 107.26 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। सैनी गांव में आरसीसी ड्रेन व सीसी रोड पर 127.78 लाख रुपये खर्च होंगे।

विभिन्न ग्रामों के तालाबों की सुरक्षा के लिए क्रास वायर जाली लगाने के लिए 142.39 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वर्क सर्किल-8 के 17 गांवों में ओपन जिम उपकरण पर 155.93 लाख खर्च होंगे। ग्राम सिरसा को स्मार्ट विलेज बनाने पर 158.10 लाख और झरना नाले पर प्रोटेक्शन वाल लगाने पर 195.91 लाख रुपये लगेंगे।

अनुरक्षण कार्य

सेक्टर इकोटेक-2 में तीन वर्ष के अनुरक्षण पर 128.96 लाख रुपये और टेकजोन-2 में 113.23 लाख रुपये खर्च होंगे। तिलपता रोटरी से मकोड़ा रोटरी तक 130 मीटर चौड़ी सड़क के रखरखाव पर 150.63 लाख रुपये और सेक्टर ज्यू-3 में 60 मीटर चौड़ी सड़क पर 162.55 लाख रुपये खर्च होंगे।

बिजली व सामुदायिक केंद्र का बजट

हतेवा, नवादा, बिसाइच व घरबरा गांव में सामुदायिक भवन के विद्युतीकरण पर 6.16 लाख रुपये, जीएनआइडीए कार्यालय में ट्रांसफार्मर स्थापना पर 32.86 लाख रुपये खर्च होंगे।

सेक्टर ओमिक्रान-एक के मार्केट की मरम्मत पर 124.45 लाख रुपये और पी-3 व बिल्डर्स एरिया में स्ट्रीट लाइट पर 132.22 लाख रुपये खर्च होंगे। इनके अलावा सेक्टर ओमीक्रान-3 के साथ पार्क व ग्रीन बेल्ट पर 131.30 लाख रुपये, ओमीक्रान एक के पार्कों पर 151.43 लाख रुपये और ज्यू-2 के पार्कों पर 153.11 लाख रुपये खर्च होंगे। पौवारी गांव के गोशाला में एक वर्ष के लिए हरे चारे की आपूर्ति पर 78.84 लाख रुपये प्राधिकरण खर्च करेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।