विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोहरे से पहले नोएडा में हादसों की रोकथाम की तैयारी शुरू, चरखा चौराहा का होगा कायाकल्प; स्पीड लिमिट पर भी मंथन

Published: Sat, 31 Oct 2026 06:30 PM (IST)

नोएडा प्राधिकरण सर्दियों में कोहरे के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत सेक्टर-94 स्थित चरखा चौराहे का नवीनीकरण किया जाएगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

HighLights

  1. नोएडा प्राधिकरण कोहरे से दुर्घटना रोकने को कर रहा तैयारी।

  2. ब्लैक स्पॉट चरखा चौराहे का नवीनीकरण, यातायात सुरक्षा मजबूत होगी।

  3. तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण हेतु स्पीड लिमिट पर होगी चर्चा।

कुंदन तिवारी, नोएडा। सर्दियों में घने कोहरे के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर के प्रमुख मार्गों और एक्सप्रेसवे से जुड़े इलाकों में यातायात सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी।

योजना के तहत सेक्टर-94 स्थित चरखा चौराहे का नवीनीकरण होगा। यह चौराहा पहले से ही ब्लैक स्पाट के रूप में चिह्नित है। यहां यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा में सुधार के लिए प्राधिकरण ने टेंडर जारी किए हैं। इस काम पर करीब 28 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

भारी ट्रैफिक के बीच दुर्घटना का खतरा

बता दें कि सेक्टर-94 और आसपास का इलाका नोएडा ग्रेनो एक्सप्रेसवे से जुड़ा होने नाते महत्वपूर्ण यातायात मार्ग है। यहां एक्सप्रेसवे और लिंक रोड के बीच लगातार वाहनों की आवाजाही रहती है।

भारी ट्रैफिक के बीच किसी एक स्थान पर दुर्घटना होने से पूरे रूट पर असर पड़ सकता है। इसलिए प्राधिकरण ब्लैक स्पाट और संवेदनशील स्थानों पर सड़क सुरक्षा सुधारों को प्राथमिकता दे रहा है।

स्पीड लिमिट तय करने पर चर्चा

महाप्रबंधक एसपी सिंह ने बताया कि कोहरे के दौरान तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए जल्द ही नोएडा प्राधिकरण और ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों की समन्वय बैठक होगी। इसमें शहर की प्रमुख सड़कों और संवेदनशील रूटों पर स्पीड लिमिट तय करने या मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा पर चर्चा की जाएगी।

सड़क सुरक्षा के लिए केवल साइन बोर्ड लगाना पर्याप्त नहीं है। कम विजिबिलिटी में वाहनों की गति नियंत्रित करना भी जरूरी है। इस संबंध में सड़क की स्थिति, ट्रैफिक का दबाव और दुर्घटना संभावित स्थानों को ध्यान में रखकर व्यवस्था बनाई जाएगी।

कोहरे के कारण घट जाता है विजिबिलिटी

सेक्टर-94 का चरखा चौराहा नोएडा के व्यस्ततम यातायात स्थलों में शामिल है। यहां से बड़ी संख्या में वाहन नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और आसपास की लिंक सड़कों पर आते-जाते हैं।

पीक आवर्स में यहां यातायात का दबाव अधिक रहता है। सर्दियों में कोहरे के कारण विजिबिलिटी घटने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए प्राधिकरण ने इस ब्लैक स्पाट को सुरक्षित बनाने के लिए नवीनीकरण की योजना बनाई है।

इन सेक्टरों में बढ़ेगी विजिबिलिटी

प्राधिकरण की योजना चरखा चौराहे तक सीमित नहीं है। सेक्टर-125, 126 और 127 के प्रमुख मार्गों पर भी रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। इनसे कोहरे और रात के समय वाहन चालकों को सड़क, मोड़, चौराहे और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की जानकारी मिल सकेगी।

घने कोहरे में सामान्य साइन बोर्ड दूर से दिखाई नहीं देते। रिफ्लेक्टिव बोर्ड पर वाहनों की हेडलाइट पड़ने से वे चमकेंगे और चालकों को दिशा तथा सड़क की स्थिति का पहले से पता चलेगा। इससे अचानक ब्रेक लगाने और वाहनों के टकराने जैसी घटनाओं को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- नोएडा के बाजारों में गोबर के दीयों और मिट्टी के खिलौनों की धूम, इको-फ्रेंडली सजावट पहली पसंद

यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा हादसे में मृत युवक की 20 दिन बाद हुई पहचान, परिजनों ने कपड़ों से पहचाना

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।