ग्रेटर नोएडा हादसे में मृत युवक की 20 दिन बाद हुई पहचान, परिजनों ने कपड़ों से पहचाना
ग्रेटर नोएडा के कासना क्षेत्र में 8 अक्टूबर को हुए एक हादसे में युवक प्रेमपाल सिंह की मौत हो गई ...और पढ़ें

ग्रेटर नोएडा पुलिस।
HighLights
ग्रेटर नोएडा में हादसे में युवक की हुई थी मौत।
पुलिस ने अज्ञात मानकर करा दिया था अंतिम संस्कार।
परिजनों ने कपड़ों से की मृतक की पहचान, केस दर्ज।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र में करीब 20 दिन पहले हुए हादसे में युवक की मौत हो गई थी। शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने मृतक को अज्ञात मान कर पोस्टमॉर्टम के बाद अंतिम संस्कार करा दिया था।
मृतक के परिजन तब से उसे लगातार तलाश कर रहे थे। किसी तरह जानकारी कर कोतवाली पहुंचे परिजनों ने कपड़े देखकर मृतक की पहचान कर टक्कर मारने वाले आरोपी डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
तलाश के बाद भी नहीं लगा सुराग
मूलरूप से बुलंदशहर के अनूपशहर थाना अंतर्गत ग्राम राजौर निवासी जयवीर सिंह ने बताया कि 8 अक्टूबर को उनका भाई प्रेमपाल सिंह (42) किसी काम से ग्रेटर नोएडा आया था। इसके बाद से वह लापता था। काफी तलाश के बाद भी उसका सुराग नहीं लगा। परिजनों ने हार नहीं मानी और तलाश जारी रखी।
इसी बीच पता चला कि 8 अक्टूबर को कासना क्षेत्र में हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी। शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने 72 घंटे बाद पंचनामा भर पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार करा दिया था।
युवक के कपड़े व फोटो दिखाए
शुक्रवार को जयवीर ने कासना कोतवाली पहुंच कर भाई के लापता होने की जानकारी देते हुए हुलिया बताया। पुलिसकर्मियों ने 8 अगस्त को हादसे में मृत युवक के कपड़े व फोटो दिखाए। जिन्हें देख कर उन्होंने मृतक की पहचान भाई प्रेमपाल के रूप में की।
बता दें 8 अक्टूबर को लड़पुरा पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से गंभीर घायल प्रेमपाल की मौत हो गई थी। शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई पूरी करा दी थी।
प्रभारी निरीक्षक पंकज शर्मा ने बताया मामला संज्ञान में है। आरोपी डंपर चालक की पहचान के लिए घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।