नोएडा में जल्द ले सकेंगे सनसेट सफारी का मजा, डियर पार्क के बाड़े तैयार; लखनऊ-हैदराबाद से आएंगे दुर्लभ हिरण
नोएडा के सेक्टर-91 बायोडायवर्सिटी पार्क में डियर पार्क के नौ बाड़े तैयार हैं, जहां वन्यजीवों का इंतजार है। कानपुर, लखनऊ और हैदराबाद के चिड़ियाघरों से हिरण लाए जाएंगे, जिसमें 'माउस डियर' मुख्य आकर्षण होगा।

नोएडा में डियर पार्क के सभी बाड़े तैयार। फोटो: एआई जनरेटेड
कुंदन तिवारी, जागरण नोएडा। सेक्टर-91 बायोडायवर्सिटी पार्क के डियर पार्क में अब हिरणों की चहलकदमी का इंतजार है। 40 करोड़ की लागत से 30 एकड़ में विकसित हो रहे इस पार्क के सभी नौ बाड़े बनकर तैयार हैं।
वन्यजीव लाने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने कानपुर, लखनऊ और हैदराबाद के चिड़ियाघरों से संपर्क किया है।

माउस डियर होगा मुख्य आकर्षण
डियर पार्क का मुख्य आकर्षण ‘माउस डियर’ (शेवरोटिन) होगा। इसे विशेष रूप से यहां लाने की योजना है। भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया में पाया जाने वाला यह दुनिया का सबसे छोटा खुर वाला स्तनधारी है।
माउस डियर नाम होने के बावजूद इसका चूहे या हिरण से संबंध नहीं है। यह करीब 12 इंच ऊंचा और 29 इंच लंबा होता है, जबकि इसका वजन 4 से 11 पाउंड के बीच रहता है।
लाल-भूरे शरीर पर छाती के पास सफेद निशान होते हैं। यह शाकाहारी जुगाली करने वाला जीव घास, पत्तियां, जड़ें, फूल और फल खाता है। इसके पेट में गाय की तरह चार हिस्से होते हैं। नर के सींग नहीं होते, उनके लंबे सामने के दांत लड़ाई और जड़ें खोदने में काम आते हैं।

कई प्रजातियों के हिरण भी रखे जाएंगे
शेवरोटिन की दस प्रजातियों में नौ एशिया में पाई जाती हैं, जिसमें से पार्क में ब्राउ, एंटलर्ड डियर, हॉग डियर, स्वैम्प डियर, स्पॉटेड डियर, सांभर और बार्किंग डियर भी रखे जाएंगे।
इनमें से अधिकतर हिरण लखनऊ, कानपुर और हैदराबाद के चिड़ियाघरों से लाए जाने हैं। ब्लैकबक, चिंकारा और चौसिंघा की कुल 15 संख्या प्रस्तावित है। अफ्रीकी एंटीलोप प्रजातियों में स्प्रिंगबक, इम्पाला, वाइल्डबीस्ट और लेसर कुडू विदेश से मंगाए जाएंगे।
पेंटेड स्टॉर्क, ओपन-बिल्ड स्टॉर्क, कॉर्मोरेंट और पेलिकन जैसे जलीय पक्षियों के लिए एवियरी भी बनाई जाएगी। वन्यजीवों को लाने की प्रक्रिया सेंट्रल जू अथॉरिटी के दिशा-निर्देशों के अनुसार होगी।

99 वन्यजीवों के लिए तैयार हुआ प्लान
मुख्य अनुरक्षण अभियंता आरएस यादव ने बताया कि यह पार्क मिनी जू की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। यहां कुल 99 वन्यजीव रखे जाएंगे, जिनमें 33 नर और 66 मादा होंगे।
इनके लिए तैयार एनिमल कलेक्शन प्लान में 10 प्रजातियां शामिल हैं। पार्क को सनसेट सफारी की तर्ज पर विकसित करने की योजना है। लोग सूर्यास्त के बाद रात करीब 10 बजे तक हिरणों और जलीय पक्षियों को देख सकेंगे।
इसके लिए विशेष स्पेक्ट्रम लाइटिंग लगाई जाएगी। रोशनी ऐसी होगी कि वन्यजीवों को रात के अंधेरे का एहसास हो और सफारी में आए लोग उन्हें साफ देख सकें।
यह भी पढ़ें- नोएडा प्राधिकरण के बाहर 81 गांवों के किसानों का धरना-प्रदर्शन, हाई पावर कमेटी की सिफारिशें लागू करने की उठाई मांग
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में इंडिया एक्सपो मार्ट के पास 3 दिन रहेगा रूट डायवर्जन, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी