नोएडा प्राधिकरण के बाहर 81 गांवों के किसानों का धरना-प्रदर्शन, हाई पावर कमेटी की सिफारिशें लागू करने की उठाई मांग
भारतीय किसान परिषद के नेतृत्व में किसानों ने नोएडा प्राधिकरण के सामने 10% भूखंड और आबादी मामलों के निस्तारण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने प्राधिकरण को अपनी लंबित मांगों को सात दिन में पूरा करने का अल्टीमेटम दिया।
-1795443458303_m.webp)
भारतीय किसान परिषद के नेतृत्व में नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन के सामने धरना-प्रदर्शन। फोटो-जागरण
HighLights
किसानों ने नोएडा प्राधिकरण के सामने धरना-प्रदर्शन किया।
10% भूखंड और आबादी मामलों के निस्तारण की मांग।
प्राधिकरण को सात दिन में मांगें पूरी करने का अल्टीमेटम।
जागरण संवाददाता, नोएडा। भारतीय किसान परिषद के नेतृत्व में सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन के सामने 81 गांवों के किसानों की मांगों को लेकर सोमवार को धरना-प्रदर्शन हुआ।
किसानों ने 10 प्रतिशत भूखंड देने, आबादी से जुड़े मामलों का निस्तारण करने और हाई पावर कमेटी की सिफारिशें लागू करने की मांग उठाई। उन्होंने प्राधिकरण पर संवादहीनता और किसानों के मुद्दों के समाधान में उदासीनता का आरोप लगाया।
क्या है किसानों की शिकायत?
किसानों ने कहा कि 10 प्रतिशत भूखंड देने के संबंध में प्राधिकरण स्तर से रिपोर्ट 13 नवंबर 2026 को अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (आइडीसी) आलोक कुमार के समक्ष प्रस्तुत की जानी थी। हाई पावर कमेटी की सिफारिशें लागू करने से जुड़ी रिपोर्ट पर भी प्राधिकरण के ढुलमुल रवैये के कारण कार्रवाई नहीं हुई है।
इससे किसानों के हित प्रभावित हो रहे हैं। धरने के दौरान किसानों ने पांच प्रतिशत भूखंडों को भूलेख विभाग से नियोजन विभाग में भेजने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए सात दिन का समय दिया। नियोजन विभाग में लंबित किसानों के पांच प्रतिशत विकसित भूखंड लगाने के काम को पूरा करने के लिए भी यही समय-सीमा तय की गई।
हाई पावर कमेटी की सिफारिशें नहीं हुई लागू
परिषद ने कहा कि सात दिन बाद लंबित कार्यों की समीक्षा कर किसानों को उनके अधिकार दिलाने के लिए आगे का निर्णय लिया जाएगा। भारतीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने कहा कि नोएडा के किसानों की मांगों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
मुख्यमंत्री की ओर से गठित हाई पावर कमेटी की सिफारिशें करीब दो साल बाद भी लागू नहीं की गई हैं। ठाकुर जयवीर सिंह की अध्यक्षता वाली कमेटी ने किसानों को 10 प्रतिशत आबादी के भूखंड देने के संबंध में सकारात्मक सिफारिश की थी, लेकिन किसानों को इसका लाभ नहीं मिला। कमेटी की रिपोर्ट भी सार्वजनिक नहीं की गई है।
लंबे समय से मांग कर रहे किसान
खलीफा ने कहा कि किसानों को 10 प्रतिशत आबादी के भूखंड नहीं मिले और आबादी से जुड़े मामलों का निस्तारण भी लंबित है। उनका आरोप है कि आबादी के निस्तारण के नाम पर किसानों की मूल आबादी तोड़ी जा रही है। इस मुद्दे पर प्राधिकरण अधिकारियों के साथ कई बार बैठक और बातचीत हुई, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिला।
व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़ी मांगें भी पूरी नहीं हुई हैं। पांच और 10 प्रतिशत आबादी के प्लॉट से जुड़े मामले लंबित हैं। खलीफा के मुताबिक किसान लंबे समय से अपने हक के लिए प्राधिकरण के चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर ठोस निर्णय होने तक विरोध जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान प्राधिकरण कार्यालय के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। हालांकि मौके पर आकर प्राधिकरण अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी पुष्पराज सिंह व भूलेख विभाग ओएसडी हर्षिता तिवारी ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, उनके साथ वार्ता की, लेकिन किसान अल्टीमेटम देकर चले गए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।