विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा एयरपोर्ट से चलेगी इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी, एयर एंबुलेंस भी शुरू होगी; E200X विमान से होगा ट्रायल

Published: Thu, 08 Oct 2026 11:31 PM (GMT+05:30)

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एयर एंबुलेंस और इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी सेवा शुरू की जाएगी। इसके लिए यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड ने यूबीफ्लाई कंपनी के साथ समझौता किया है।

नोएडा एयरपोर्ट से शुरू होगी इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी। फोटो: आर्काइव

नोएडा एयरपोर्ट से शुरू होगी इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. नोएडा एयरपोर्ट से एयर एंबुलेंस और इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी सेवा शुरू

  2. यमुना एयरपोर्ट और यूबीफ्लाई ने सेवा हेतु एमओयू पर हस्ताक्षर किए

  3. ई200एक्स इलेक्ट्रिक विमान वर्टिकल टेक-ऑफ क्षमता के साथ उपयोग होगा

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एयर एंबुलेंस सुविधा शुरू करने की तैयारी है। इसके साथ नजदीकी एयरपोर्ट के बीच हवाई सेवा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

इसके लिए यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड ने यूबीफ्लाई कंपनी के साथ एमओयू किया है। कंपनी इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी सेवा शुरू करने की दिशा में काम करेगी।

वर्टिपोर्ट और चार्जिंग स्टेशन होंगे तैयार

समझौते के तहत नोएडा एयरपोर्ट परिसर में एयर टैक्सी के परीक्षण के लिए जगह विकसित की जाएगी। विमान के उतरने और उड़ान भरने के लिए वर्टिपोर्ट के साथ चार्जिंग स्टेशन भी बनाए जाएंगे।

यूबीफ्लाई एयर टैक्सी के संचालन के लिए जरूरी बुनियादी ढांचा, सुरक्षा नियम और संचालन व्यवस्था विकसित करेगी। इसके लिए नोएडा एयरपोर्ट के स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर में भी बदलाव किया जाएगा।

E200X विमान सीधे ऊपर उठकर भरेगा उड़ान

एयर टैक्सी सेवा के लिए कंपनी E200X इलेक्ट्रिक विमान का इस्तेमाल करेगी। इस विमान में सीधे ऊपर उठने और उड़ान भरने की क्षमता है।

कंपनी खुद विमान के परीक्षण करेगी और नागर विमानन महानिदेशालय से जरूरी अनापत्ति प्राप्त करेगी। फिलहाल विमान के ग्राउंड टेस्ट चल रहे हैं।

पहले ड्रोन से होगा परीक्षण

एयर टैक्सी सेवा शुरू करने से पहले यूबीफ्लाई ड्रोन के जरिये परिचालन व्यवस्था का परीक्षण करेगी। इसके बाद पायलट वाले E200X विमानों की उड़ानों को आगे बढ़ाया जाएगा।

कंपनी का जोर सिर्फ विमान के विकास पर नहीं, बल्कि उसके साथ ग्राउंड ऑपरेशंस और एयरस्पेस इंटीग्रेशन को भी समानांतर रूप से तैयार करने पर है।

‘केवल विमान बनाना पर्याप्त नहीं’

यूबीफ्लाई टेक्नोलॉजीज के संस्थापक और निदेशक डाॅ. सत्यनारायण चक्रवर्ती ने कहा कि इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी को जमीन पर उतारने के लिए केवल विमान बनाना पर्याप्त नहीं है। इसके लिए ग्राउंड इंफ्रास्ट्रक्चर, नियामकीय ढांचे और परिचालन प्रक्रियाओं का समानांतर विकास भी जरूरी है।

उन्होंने बताया कि ड्रोन ट्रायल के जरिये पहले परिचालन मॉडल को परखा जाएगा। इसके बाद पायलट वाले E200X विमानों की उड़ानें शुरू होंगी।

यह भी पढ़ें- नोएडा में शुक्रवार को रूट डायवर्जन, दलित प्रेरणा स्थल पर होगा कार्यक्रम; ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

यह भी पढ़ें- नोएडा एयरपोर्ट जाना होगा आसान, 60 मीटर चौड़ी सड़क की अड़चनें दूर; तेजी से शुरू हुआ निर्माण