विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा एयरपोर्ट जाना होगा आसान, 60 मीटर चौड़ी सड़क की अड़चनें दूर; तेजी से शुरू हुआ निर्माण

Published: Thu, 08 Oct 2026 10:50 PM (IST)

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी के लिए 60 मीटर चौड़ी सड़क की सभी बाधाएं दूर हो गई हैं और निर्माण कार्य फिर से शुरू हो गया है।

60 मीटर सड़क के निर्माण से नोएडा एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। फोटो: आर्काइव

60 मीटर सड़क के निर्माण से नोएडा एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. नोएडा एयरपोर्ट की 60 मीटर सड़क की सभी बाधाएं अब दूर

  2. दिसंबर में अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने से यातायात दबाव बढ़ेगा

  3. यमुना एक्सप्रेसवे के अलावा एयरपोर्ट तक पहुंचने का नया विकल्प मिलेगा

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी के लिए यमुना प्राधिकरण की 60 मीटर चौड़ी सड़क की सभी बाधाएं दूर हो गई हैं।

दयानतपुर में सड़क का निर्माण रोककर बैठे किसानों के साथ वार्ता कर अड़चन दूर कर दी है। सड़क का निर्माण शुरू हो गया है। इसके साथ ही दनकौर में भी सड़क का काम जल्द पूरा हो जाएगा।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा दिसंबर से शुरू होने की संभावना है। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रा. लि. ने सुरक्षा मानकों की जांच कर अनापत्ति जारी करने के लिए नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो के यहां आवेदन कर दिया है।

एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा शुरू होने के साथ यातायात का दबाव बढ़ेगा। अभी एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे की ही कनेक्टिविटी है। इसलिए यीडा कनेक्टिविटी के दूसरे विकल्प भी तेजी से तैयार कर रहा है।

दयानतपुर में सड़क निर्माण फिर शुरू

60 मीटर सड़क की नोएडा एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी के लिए काफी समय से प्रयास चल रहे थे। दनकौर में जमीन का कानूनी विवाद हल होने के बाद सड़क के बेस का काम पूरा हो गया था, लेकिन मानसून के कारण इसका डामरीकरण नहीं किया गया था।

अब यह काम पूरा करने की तैयारी है। वहीं दयानतपुर में सड़क निर्माण का काम किसानों ने रोक रखा था। एसीईओ मनीष मीणा का कहना है कि किसानों से वार्ता के बाद सड़क निर्माण की अड़चन को दूर कर लिया गया है। सड़क का कार्य भी शुरू करा दिया गया है।

दयानतपुर में सड़क का काम पूरा होने के बाद ग्रेटर नोएडा से सीधे एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी तैयार हो जाएगी। इस सड़क का विस्तार साबौता तक प्रस्तावित है।

इससे जेवर तक जाने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे के अलावा एक और विकल्प उपलब्ध हो जाएगा। यीडा के सेक्टरों में पहुंचने के लिए भी 60 मीटर सड़क मुख्य है। 120 मीटर सड़क का कार्य भी चल रहा है।

यह भी पढ़ें- कानपुर में ग्रेटर नोएडा और मुंबई की तर्ज पर बनेंगी ऊंची इमारतें, 80 गांवों की 45 हजार एकड़ जमीन पर होगा निर्माण