कानपुर में ग्रेटर नोएडा और मुंबई की तर्ज पर बनेंगी ऊंची इमारतें, 80 गांवों की 45 हजार एकड़ जमीन पर होगा निर्माण
कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) 80 गांवों की 45 हजार एकड़ जमीन पर ग्रेटर नोएडा और मुंबई की तर्ज पर ऊंची इमारतों का निर्माण करेगा।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
केडीए 80 गांवों की 45 हजार एकड़ जमीन विकसित करेगा।
ग्रेटर नोएडा और मुंबई की तर्ज पर ऊंची इमारतें बनेंगी।
50 हजार लोगों को आवास देने का लक्ष्य निर्धारित।
जागरण संवाददाता, कानपुर। केडीए शहर में जुड़ी 67 सौ वर्ग मीटर में नोएडा कानपुर, न्यू कानपुर सिटी और एयरो सिटी आवासीय योजना बसाने के साथ ही अब 80 गांवों की 45 हजार एकड़ जमीन पर भी केडीए ने मशक्कत शुरू कर दी है। शहर का वर्ष 2031 तक का मास्टर प्लान बन गया है। अब जोनल प्लान बनाया जा रहा है। प्राधिकरण की सीमा में शामिल हुए 80 गांवों का भी न्यू मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है।
इसके अलावा जोनल प्लान टुकड़ों-टुकड़ों में तैयार कराया जाएगा। उसके आधार पर तय होगी कहां पर कितनी आवासीय, व्यावसायिक, औद्योगिक व हरियाली के लिए जगह होगी। यहां पर ग्रेटर नोएडा व मुंबई की तर्ज पर ऊंची इमारतें बनाई जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को आवास मिल सके और एक नया औद्योगिक क्षेत्र भी विकसित किया जाएगा। एक आधुनिक शहर के रूप में पूरे इलाकों को विकसित किया जाएगा।
50 हजार लोगों को मिलेगा आवास
योजना में करीब 50 हजार लोगों को आवास देने का प्लान तैयार किया जा रहा है। हालांकि अभी फौरी तौर पर खाका तैयार हो रहा है। योजना में हरियाली पर भी जोर दिया गया है। पार्कों के साथ ग्रीन बेल्ट भी विकसित की जाएगी।
हालांकि केडीए अपनी पुरानी योजना फ्लैट, माल व होटल से सबक लेते हुए अब नयी योजना लाने से पहले डिमांड सर्वे कराया जाएगा। इसमें लोगों की राय भी ली जाएगी ताकि उसके आधार कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
इसके साथ ही यह भी सर्वे कराया जाएगा जहां पर केडीए की जमीन है उसके बीच में कोई निजी जमीन आ रही है तो उसको लैंड पुलिंग के माध्यम से या अधिग्रहण करके विकसित किया जाएगा।
केडीए सचिव अभय पांडेय ने बताया कि 80 गांवों का न्यू मास्टर प्लान तैयार हो रहा है। यहां पर भी आवासीय, व्यावसायिक, औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के साथ ही हरियाली भी की जाएगी। योजना लाने से पहले डिमांड सर्वे जरूर कराया जाएगा ताकि जनता की भी राय आ सके। वह कैसे मकान या फ्लैट चाहती है।
कानपुर नगर और देहात की पांच तहसीलों के 80 राजस्व गांव शामिल
- बिल्हौर: 38 गांव
- नरवल: 17 गांव
- मैथा: 13 गांव
- अकबरपुर: 10 गांव
- कानपुर सदर: 2 गांव
यह होगी सुविधाएं मकान के साथ ही स्कूल, कॉलेज, पुलिस स्टेशन, अस्पताल, कन्वेंशन सेंटर, आधुनिक कूड़ाघर, पिकनिक स्पाट, पार्क आदि सुविधा कराई जाएगी।
