नोएडा एयरपोर्ट पर फूड कोर्ट और वाइन शाॅप दिलाने के नाम पर किसान से 24 करोड़ रुपये ठगे, डॉक्टर दंपती पर FIR दर्ज
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फूड कोर्ट और वाइन शॉप दिलाने के नाम पर एक किसान से 24 करोड़ रुपये की ...और पढ़ें

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फूड कोर्ट और वाइन शॉप दिलाने के नाम पर रोहिलापुर गांव के एक किसान से 24 करोड़ रुपये हड़पने का आरोप लगा। एआई इमेज
HighLights
किसान से नोएडा एयरपोर्ट पर दुकान दिलाने का झांसा।
डॉक्टर दंपती ने 24 करोड़ रुपये की बड़ी ठगी की।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जागरण संवाददाता, नोएडा। जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फूड कोर्ट और वाइन शॉप दिलाने के नाम पर रोहिलापुर गांव के एक किसान से 24 करोड़ रुपये हड़पने का मामला सामने आया है।
आरोपी चिकित्सक दंपती ने पीड़ित को एयरपोर्ट पर दुकान से सालाना डेढ़ करोड़ रुपये तक की कमाई का झांसा दिया और खुद को लखनऊ के वरिष्ठ अधिकारियों का करीबी बताया। पीड़ित की शिकायत पर एक्सप्रेसवे थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुआवजे की रकम देखकर बनाया शिकार
रोहिलापुर निवासी पीड़ित मनोज कुमार के अनुसार, बुलंदशहर निवासी डॉक्टर नितेंद्र और उनकी पत्नी राबिन गौर ने उनसे जेएस हॉस्पिटल खोलने के लिए किराये पर जगह ली थी। मनोज के परिवार को जमीन मुआवजे में बड़ी धनराशि मिली थी।
किरायेदार होने के नाते मेल-जोल बढ़ा और वर्ष 2022 में डॉक्टर दंपती ने मनोज को जाल में फंसाना शुरू किया। आरोपियों ने जेवर एयरपोर्ट में कमर्शियल स्पेस दिलाने के साथ-साथ यमुना प्राधिकरण में मेडिकल डिवाइस पार्क और अटके हुए प्लॉट दिलवाने का भरोसा दिया।
फर्जी फोन कॉल और अधिकारियों के नाम पर बैठकों का नाटक कर मनोज का विश्वास हासिल कर लिया गया।
अलग-अलग योजनाओं के नाम पर वसूली करोड़ों की रकम
ठगी का यह सिलसिला दिसंबर 2022 से नवंबर 2025 तक चला। आरोपियों ने मेडिकल पार्क बुकिंग, सेक्टर-61 में प्लॉट, 5 प्रतिशत के किसान आबादी प्लॉट और ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट के नाम पर अलग-अलग किस्तों में करीब 24 करोड़ रुपये ऐंठ लिए। इसके अलावा आरोपियों ने मनोज के दिए पैसों से 600 वर्ग मीटर का एक प्लॉट अपने नाम कराकर उसे 8 करोड़ रुपये में आगे बेच दिया।
ठगी के पैसों से खरीदा विला और बनाया अस्पताल
पीड़ित का आरोप है कि किसान से ली गई भारी-भरकम धनराशि से डॉक्टर दंपती ने नोएडा में एक आलीशान विला खरीदा और बुलंदशहर में अपना अस्पताल खड़ा कर लिया। एयरपोर्ट का काम आगे बढ़ने पर जब मनोज ने दुकान और प्लॉट की मांग की, तो आरोपी टालमटोल करने लगे। बाद में आरोपियों ने कहा कि सारा पैसा अधिकारियों को दे दिया गया है और अब रकम वापस नहीं मिलेगी।
पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी
जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी, तो डॉक्टर दंपती मुकर गए और उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगे। पीड़ित का पीछा करने के लिए गुंडे भी लगाए गए। परेशान होकर पीड़ित ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।