ग्रेटर नोएडा वेस्ट: सोसायटियों में स्काईशॉट और रॉकेट पर लगा बैन, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसायटियों ने दीपावली पर पटाखों से होने वाले हादसों को रोकने के लिए सख्ती बरती है। ईकोविलेज वन ने स्काईशाट व राकेट पर प्रतिबंध लगाया है।

ईकोविलेज-1 में स्काईशॉट पूरी तरह बैन (AI-Image)
HighLights
ईकोविलेज वन में स्काईशाट व राकेट पर प्रतिबंध।
पटाखों से आग लगने की घटनाओं का खतरा।
बच्चों पर निगरानी, सुरक्षित स्थान पर पटाखे जलाएं।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। दीपावली पर पटाखों से होने वाले हादसों को रोकने के लिए ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसायटियों ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। ईकोविलेज वन सोसायटी में स्काईशाट व रॉकेट और हवा में ऊपर जाने वाले सभी पटाखों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।
सोसायटी के मेंटेनेंस प्रबंधन ने इस संबंध में एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि पहले भी इस तरह के पटाखों से फ्लैटों में आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं।
नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
रॉकेट और स्काईशाट की चिंगारी बालकनी, खिड़की और खुले हिस्सों से होते हुए फ्लैट के अंदर तक पहुंच जाती है, जिससे जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है। इसी को देखते हुए नियम तोड़ने वालों पर सोसाइटी के सुरक्षा नियमों के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
ईकोविलेज वन के अलावा अन्य सोसाइटियों में भी एओए ने लोगों को जागरूक करना शुरू कर दिया है। ऐस सिटी के एओए अध्यक्ष मनीष दुबे ने निवासियों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाली जगहों से दूर सुरक्षित स्थान पर ही पटाखे जलाएं।
बच्चों को पटाखे जलाते समय अकेला न छोड़ें
ऐस इंस्पायर सोसाइटी के हरिशंकर नाइक ने कहा कि बच्चों को पटाखे जलाते समय अकेला न छोड़ें और उन पर निगरानी रखें। गैलेक्सी वेगा सोसायटी के सचिव रोहन गुप्ता ने पार्किंग और वाहनों के आसपास पटाखे न जलाने की अपील की है।
सुरक्षा के लिए सोसाइटियों में अन्य इंतजाम भी किए जा रहे हैं। पिछले साल पार्किंग में खड़े वाहनों में आग लगने के बाद कई सोसाइटियों ने खुले लिफ्ट शाफ्ट को टीन शेड से कवर कराया और संवेदनशील जगहों पर लोहे की ग्रिल लगाई। बेसमेंट, पार्क, लिफ्ट और पार्किंग के पास पटाखे न जलाने के लिए बोर्ड भी लगाए गए हैं।
सुरक्षाकर्मियों को भी विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। एओए पदाधिकारियों का कहना है कि त्योहार खुशियों का है, लापरवाही से किसी की सुरक्षा से समझौता नहीं होना चाहिए।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद के इन 11 स्थानों पर बिकेंगे पटाखे, दुकानदारों को सिर्फ तीन दिन बिक्री की अनुमति
यह भी पढ़ें- दिल्ली में दीवाली पर बिकेंगे पटाखे या लगेगा बैन? कारोबारियों की बढ़ी चिंता; सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर टिकी निगाहें
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।