विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे का नया शॉर्टकट, खत्म होगा 16 KM का चक्कर और जाम; जल्द खुलेगा नया लिंक रोड

Published: Sun, 01 Nov 2026 09:26 PM (IST)

नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच नया लिंक रोड जल्द खुलेगा, जिससे 5 लाख वाहन चालकों का 16 किमी का सफर कम ...और पढ़ें

नई लिंक रोड से खत्म होगा 16 किलोमीटर का चक्कर। फोटो: सांकेतिक

नई लिंक रोड से खत्म होगा 16 किलोमीटर का चक्कर। फोटो: सांकेतिक

HighLights

  1. नया लिंक रोड 16 किमी सफर घटाएगा।

  2. 5 लाख वाहन चालकों को मिलेगा सीधा लाभ।

  3. एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा, यातायात दबाव कम होगा।

जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच दैनिक आवागमन करने वाले करीब पांच लाख वाहन चालकों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। नोएडा के सेक्टर-146-147 से ग्रेटर नोएडा के एलजी चौक को सीधे जोड़ने वाला नया वैकल्पिक लिंक रोड जल्द ही आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।

हरनंदी पर पुल का निर्माण कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है और नोएडा प्राधिकरण ने अपने हिस्से की एप्रोच रोड भी तैयार कर ली है। ग्रेटर नोएडा की ओर जमीन से जुड़ा गतिरोध पूरी तरह सुलझ जाने के बाद अब वहां एप्रोच रोड व मैस्ट्रिक बिछाने का अंतिम चरण का कार्य तेजी से चल रहा है।

पांच लाख वाहन चालकों को मिलेगी राहत

इस मार्ग के चालू होने से दिल्ली और नोएडा एक्सप्रेसवे से होकर परीचौक, सूरजपुर, कलेक्ट्रेट, उद्योग विहार, गाजियाबाद तथा गामा-बीटा सेक्टरों की ओर जाने वाले मुसाफिरों को अब 16 किलोमीटर का लंबा चक्कर नहीं काटना पड़ेगा।

साथ ही नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और व्यस्त डीएससी (दादरी-सूरजपुर-छलेरा) रोड पर वाहनों का भारी दबाव काफी हद तक घट जाएगा।

एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ेगा नया संपर्क मार्ग

यातायात की सुगमता के लिए इस नए संपर्क मार्ग को एक्सप्रेसवे से सीधे जोड़ा जा रहा है। इसके तहत एक्सप्रेसवे के 16.900 किलोमीटर चैनेज पर सेक्टर-145, 146, 155 और 159 के बीच 99.74 करोड़ रुपये की लागत से 800 मीटर लंबा अंडरपास बनाया जा रहा है, जिसका 20 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और एक तरफ की सड़क बन गई है।

लिंक रोड से आने वाले वाहनों को 45 मीटर चौड़ी सड़क पार करनी होगी, जहां ट्रैफिक प्रबंधन के लिए सिग्नल लगाया जाएगा। इसके बाद दिल्ली जाने वाले वाहन अंडरपास के रास्ते एक्सप्रेसवे की मुख्य लेन पर चढ़ सकेंगे, जबकि आगरा, लखनऊ व ग्रेटर नोएडा जाने वाले चालक सर्विस रोड के जरिए एक्सप्रेसवे पकड़ सकेंगे।

कई सेक्टरों और गांवों को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

परियोजना के धरातल पर उतरने से नोएडा के सेक्टर-151, 153, 154, 155, 156, 157, 158, 159, 160 और 162 के आवासीय-औद्योगिक क्षेत्रों व आसपास के नौ गांवों के निवासियों को ग्रेटर नोएडा के डेल्टा, पुलिस लाइन, साइट बी व सी व ईकोटेक-दो व तीन तक सीधी कनेक्टिविटी मिल जाएगी।

यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का बड़ा फैसला, सेक्टर गामा-2 DPS के सामने बनेगा फुटओवर ब्रिज; पैदल यात्रियों को मिलेगी सुरक्षा

यह भी पढ़ें- दीपावली-छठ पूजा पर यात्रियों बड़ी राहत: अलीगढ़-जयपुर और नोएडा रूट पर दौड़ेंगी यूपी रोडवेज की बसें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।