विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 11, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नोएडा में कुत्ते के साथ क्रूरता, सोसाइटी की 15वीं मंजिल से फेंककर मार डाला; आंतें आई बाहर

By Jagran NewsEdited By: Geetarjun
Published: Sat, 11 May 2024 07:10 PM (IST)

Noida Crime News ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा होम्स सोसाइटी (Ajnara Homes Society) में 15वीं मंजिल से फेंककर कुत्ते की ...और पढ़ें

नोएडा में कुत्ते के साथ क्रूरता, 15वीं मंजिल से फेंककर मार डाला
नोएडा में कुत्ते के साथ क्रूरता, 15वीं मंजिल से फेंककर मार डाला

HighLights

  1. कोतवाली बिसरख पुलिस ने पशु प्रेमी की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
  2. आरोप है कि सोसाइटी के एक टावर की 15वीं मंजिल से फेंककर कुत्ते को मारा गया है।

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा होम्स सोसाइटी में 15वीं मंजिल से फेंककर कुत्ते की हत्या करने के मामले में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है। कुत्ते की हत्या के मामले में कोतवाली बिसरख पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था।

आरोप है कि कुत्ते को जानबूझकर नीचे फेंककर उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले में अज्ञात आरोपी के बारे में पता करने का प्रयास किया लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।

क्षतविक्षत हालत मिला था शव

पुलिस को दी शिकायत में अजनारा होम्स सोसाइटी निवासी कीर्ति वर्मा ने बताया कि सोसाइटी में कुत्तों के साथ लोग अक्सर क्रूरता करते दिखाई देते हैं। बृहस्पतिवार को सोसाइटी के ओ टावर के पास एक कुत्ते का शव क्षतविक्षत हालत में मिला। उसकी आंतें बाहर निकल आईं थीं।

किसी ने 15वीं मंजिल से फेंका

कुत्ते को किसी ने 15वीं मंजिल से जानबूझकर फेंका, जिससे उसकी मौत हो गई। हमने इस बारे में पता करने की कोशिश की तो कोई जानकारी नहीं मिल सकी। आखिर में पुलिस को सूचना देकर सोसाइटी में बुलाया गया। कोतवाली में लिखित शिकायत देकर कुत्ते की हत्या करने के मामले में केस दर्ज कराया गया है।

'सोसाइटी में आवारा कुत्तों का आतंक'

कीर्ति का कहना है कि वह सोसाइटी मे रहने वाले आवारा कुत्तों को खाना खिलातीं हैं, इसका कई लोग विरोध करते हैं। इसी विरोध के चलते कुत्ते की 15वीं मंजिल से फेंककर निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। एओए (अपार्टमेंट ऑनर एसोसिएशन) के अध्यक्ष चंदन सिन्हा ने बताया कि सोसाइटी में आवारा कुत्तों का आतंक है।

सोसाइटी में कुत्तों को खिलाने की जगह

अगर किसी ने कुत्ते की इस तरह से ऊपर से फेंककर हत्या की है तो पुलिस को इस मामले में पूछताछ कर कार्रवाई करनी चाहिए। शिकायतकर्ता के अनुसार, कुत्ते को 15वीं मंजिल से फेंककर मारा गया है। सोसाइटी में एक दिन पहले की डॉग फीडिंग प्वाइंट बनाया गया।

पशु प्रेमियों को यहीं पर खाना खिलाने के लिए कहा गया। दूसरे दिन ही यह घटना घटित हुई। यह घटना पशु प्रेमियों की साजिश भी हो सकती है। एओए की टीम भी अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है। शिकायतकर्ता ने एओए पर भी कुत्ते को 15वीं मंजिल से फेंककर हत्या करने का आरोप लगाया है।

कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले में जांच की जा रही है। अभी तक की जांच में घटना के बारे में कोई सुराग नहीं लगा है।