ग्रेटर नोएडा की शनाया ने लहराया देश का परचम, माउंट एवरेस्ट चैंपियनशिप में जीता रजत पदक
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 8 वर्षीय शनाया सक्सेना ने माउंट एवरेस्ट इंटरनेशनल म्यूजिक एंड डांस स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2025 में रजत पदक जीता। काठमांडू में आयोजित इस प्रतियोगिता में शनाया ने इंडो फिल्मी-सेमी क्लासिकल कैटेगरी में अपनी प्रतिभा दिखाई। सेंट जेवियर्स हाई स्कूल की छात्रा शनाया ने अपनी डांस टीचर लोपा मुद्रा लाहकर के मार्गदर्शन में यह सफलता प्राप्त की। भारत की टीम ने प्रतियोगिता में ओवरऑल चैंपियनशिप भी जीती।
डिजिटल डेस्क, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की नन्हीं प्रतिभा शनाया सक्सेना ने बेहद कम उम्र में बड़ा कमाल कर दिखाया। महज़ 8 साल की शनाया ने 5वीं माउंट एवरेस्ट इंटरनेशनल म्यूजिक एंड डांस स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2025 में रजत पदक जीतकर अपने शहर, स्कूल और देश का नाम रोशन किया।
यह प्रतियोगिता 12 जून को नेपाल के काठमांडू में हुई, जहां शनाया ने 8-10 आयु वर्ग की इंडो फिल्मी-सेमी क्लासिकल कैटेगरी में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर यह मेडल हासिल किया।
सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, गेटर नोएडा वेस्ट की तीसरी कक्षा की छात्रा शनाया, हवेलिया वैलेनोवा पार्क सोसाइटी में रहती हैं। उन्होंने अपनी डांस टीचर लोपा मुद्रा लाहकर के मार्गदर्शन में यह उपलब्धि हासिल की। इससे पहले, उन्होंने गुजरात में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी रजत पदक जीता था।
उनकी मां पारुल, भाई श्रजय और परिवार के सभी सदस्य इस कामयाबी से बेहद खुश हैं और सभी बेहद गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। शनाया के भारत लौटने पर उनके परिवार ने ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया और आरती उतारकर उन्हें ढेरों बधाईयां दीं।
भारत ने जीता ओवरऑल चैंपियनशिप खिताब
11-12 जून 2025 को राष्ट्रीय नाच घर ऑडिटोरियम, काठमांडू में आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत की 75 सदस्यीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और ओवरऑल चैंपियन कप अपने नाम किया। भारत ने विभिन्न नृत्य और संगीत शैलियों में सबसे ज्यादा स्वर्ण और रजत पदक जीते।
टीम का नेतृत्व मुख्य कोच गुरविंदर कौर, मैनेजर आशीष मिश्रा और सहायक कोच प्रकाश माली, मंदीप कौर व आशीष आर्य ने किया। राष्ट्रीय महासंघ के अध्यक्ष कमलेश पटेल, उपाध्यक्ष प्रकाश सिन्हा, सलाहकार तजिंदर सिंह और महासचिव रजनीकांत ठाकुर ने टीम को बधाई दी।
मुख्य अतिथि श्री कृष्ण डंगोल और श्री निरोज कमार्चार्य ने समारोह में शिरकत की। निर्णायक मंडल में राम बिस्टा (नेपाल), विनीता गोयल (भारत) और अर्पण सिंह कौशल शामिल थे। विजेता खिलाडि़यों का चयन नवंबर-दिसंबर 2025 में थाइलैंड में होने वाले एशियन डांस स्पोर्ट्स कप 2025 के लिए हुआ है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।